अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। गांव बवानियां सब-स्टेशन की बिजली सप्लाई बंद होने से गुस्साए ग्रामीणों ने पावर हाउस पहुंचकर बिजली कर्मचारी के साथ मारपीट की और गेट बंद कर धरने पर बैठ गए। इस दौरान ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही बवानिया सब-स्टेशन के सभी फीडर बंद करवा दिए। मारपीट के दौरान एलएलएम अनूप कुमार घायल हो गया। उसे उपचार के लिए महेंद्रगढ़ उप-नागरिक अस्पताल लाया गया।समाचार लिखे जाने तक एएलएम के पुलिस के समक्ष बयान दर्ज नहीं हो पाए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अनूप उनके गांव बवानिया से है और जान-बुझकर बिजली कट करता है।
जानकारी के अनुसार बवानिया सब-स्टेशन से बीते दो दिन पूर्व एपी फीडर के लाइन में फाल्ट आने से बिजली सप्लाई बाधित हो गई। इस फीडर में रात 12 बजे से सुबह 7 बजे तक बिजली सप्लाई निर्धारित की हुई है। लेकिन सुबह साढे़ 3 बजे लाइन बाधित होने से बिजली सप्लाई बंद हो गई, जो सुबह तक बहाल नहीं हुई। 21 अगस्त की रात को भी जब बिजली सप्लाई शुरू की गई तो कुछ देर बाद पुन: लाइन में खराबी आ गई। बुधवार को ग्रामीणों ने सुबह 10 बजे पावर हाउस पहुंचकर सब-स्टेशन के सभी फीडरों की सप्लाई बंद करवाकर गेट बंद कर दिया और साढे़ 11 बजे तक वहां पर बैठकर बिजली सप्लाई की मांग की। वहीं, देवास के ग्रामीण भी मौके पर पहुुंच गए थे। सब-स्टेशन बंद होने की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और समझाकर ताला खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण दो दिन की बिजली सप्लाई की क्षतिपूर्ति करने की मांग पर अड़े रहे। बाद में बिजली निगम के जेई अनिल कुमार मौके पर पहुंचे ओर बिजली सप्लाई का आश्वासन दिया जिस पर ग्रामीण मान गए। साढे़ 11 बजे बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई उसके बाद सभी ग्रामीण अपने घरों का चले गए।
वर्जन
रात 12 बजे जंफर टूटने के कारण बिजली गुल हो गई थी। रात को स्टाफ कम होने के कारण लाइट ठीक नहीं हो पाई। सुबह ग्रामीणों की बिजली का टर्न नहीं था। एएलएम के साथ जो मारपीट की गई है, वह गलत है। मामले में मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
- बुधराम पंवार, एक्सईएन, सब-डिविजन महेंद्रगढ़।