अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। बच्चों को स्कूल ले जाते समय संतुलन बिगड़ने से स्कूल बस पलट गई। बस गुढ़ा गांव से बच्चों को बैठाने के बाद केमला जा रही थी। केमला मोड़ पर चालक ने करीब 50 फुट की सड़कको नजर अंदाज करते हुए बस पहले ही मोड़ दी, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और पलट गई। बस में करीब 10 से 12 विद्यार्थी और शिक्षिका थी। हादसे में सभी बच्चे और एक शिक्षिका घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया सुबह बूंदाबांदी हो रही थी, चालक तेज गति से बस चलाता हुआ आया और मोड़ आने से पहले ही बस मोड़ दी। इससे संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड को टक्कर मारती हुई पलट गई। सड़क से गुजर रहे अन्य यात्रियों ने फोन कर एंबुलेंस को बुलाकर घायलों को अस्पताल में पहुंचाया।
खंड शिक्षा अधिकारी राजबाला ने घटना पर दु:ख जताते हुए कहा कि स्कूल प्रबंधन की ओर से बस चालकों को मीटिंग कर जरूरी हिदायतें देते रहना चाहिए। सुरक्षा की दृष्टि से सभी स्कूल बसों में सीसीटीवी लगे होने चाहिए, यदि कैमरे नहीं लगवाए गए हैं तो ये नियमों की अवहेलना है। ऐसे स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐसे हादसों में कमी लाने के लिए अप्रशिक्षित चालकों के हाथों में वाहन को नहीं थमाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वाहनों की जांच आरटीए और पुलिस प्रशासन करता है।