अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। गांव जाट में रिटायर्ड कैप्टन ने बुधवार रात अपने पड़ोसी को गोली मार दी। सिर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल सतबीर को महेंद्रगढ़ उप-नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सतबीर को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही सतबीर ने दम तोड़ दिया। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने गांव में पहुंच जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार गांव जाट निवासी 45 वर्षीय सतबीर खेती का काम करता है। बुुधवार रात करीब आठ बजे वह अपने पड़ोस में रहने वाले रिटायर्ड कैप्टन को पंचायती जमीन पर कब्जा करने को लेकर उलाहना देने गया था। इस दौरान दोनों के बीच बहस हो गई। सतबीर के चचेरे भाई संजीव ने बताया कि बहस होने के बाद रिटायर्ड कैप्टन भीम सिंह दोनाली बंदूक निकाल लाया और तीन-चार फायर किए। इनमें से एक गोली सतबीर के सिर में लग गई। फायरिंग की आवाज सुनकर जब सतबीर के परिजन मौके पर पहुंचे तो सतबीर के सिर से गोली आरपार हो चुकी थी। परिजन तुरंत गंभीर रूप से घायल सतबीर को महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल में लेकर आए। जहां से सतबीर की हालत खतरे में देखकर चिकित्सकों ने उसे पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया। रास्ते में ही सतबीर ने दम तोड़ दिया। संजीव ने बताया कि भीम सिंह के पास लाइसेंसी रिवाल्वर है। वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गांव जाट में पहुंची। समाचार लिखे जाने तक पुलिस कागजी कार्रवाई में जुटी रही।