आपसी विवाद में चली गोली, एक घायल
अमर उजाला ब्यूरो
निजामपुर। रावता की ढाणी में कुछ लोगों के बीच हुए विवाद में गोली चल गई। गोली रावता की ढाणी निवासी भीम सिंह के लगी। गोली चलने के बाद उसके साथी भाग गये। घायल को बायल के सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
निजामपुर क्षेत्र में लूट और चोरी करने वाले राजस्थान के गांव डूंगा के नांगल के कुछ लोग रावता की ढाणी के भीम सिंह के यहां शनिवार रात को आए थे। भीम सिंह भी लूट में आरोपी रह चुका है और जमानत पर आया हुआ है। इन लोगों के बीच रात को किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर डूंगा के नांगल निवासी किसी व्यक्ति ने रात एक बजे के करीब गोली चला दी। यह गोली भीम सिंह के लगी। इसके बाद बदमाश वहां से भाग गए। भीम सिंह के परिजन उसे बायल स्थित सीएचसी ले गए। वहां से सूचना निजामपुर पुलिस को भेजी गई। इसके बाद पुलिस गांव पहुंची और अस्पताल भी आई। तब तक अस्पताल से भीम सिंह को रेफर कर दिया गया था। इस कारण पुलिस उसका बयान नहीं ले पाई। बाद में पुलिस गांव रावता की ढाणी गए। वहां पर किसी ने भी पुलिस को कोई बयान नहीं दिए। पुलिस का कहना है कि भीम सिंह के ठीक होने के बाद ही उसके बयान लिए जाएंगे।
रात को रावता की ढाणी में गोली चलने की सूचना मिली थी। इसमें एक व्यक्ति घायल है। घायल अभी अस्वस्थ है। वह कहीं बाहर अपना इलाज करा रहा है। उसके ठीक होने पर बयान दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-धर्मसिंह, इंचार्ज, निजामपुर पुलिस चौकी।