अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। श्रीगोशाला महेंद्रगढ़ के प्रांगण में जिला गोशाला संघ महेंद्रगढ़ की बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता जिला गोशाला संघ के सचिव अरुण कौशिक ने की। बैठक में खाटुधाम गोशाला के प्रधान द्वारा गो ग्रास बेचने जाने को लेकर विचार विमर्श किया। इस दौरान उपस्थित गोशाला के पदाधिकारियों ने इस गोशाला को गोवंश नहीं देने तथा आर्थिक सहायता और अन्य सामग्री देने पर भी प्रतिबंध लगाया। साथ ही खाटुधाम गोशाला के गोवंशों को दूसरी गोशाला में भेजने जाने का फैसला लिया।
इसके बाद गोशाला के पदाधिकारी महेंद्रगढ़ थाने में पहुंचकर थाना प्रभारी से मिले और खाटुधाम गोशाला के आरोपी प्रधान जयप्रकाश यादव के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले को लेकर जिला गोशाला के पदाधिकारी बुुधवार को उपायुक्त से भी मिल सकते हैं। हरियाणा गोसेवा आयोग के पूर्व सदस्य दयाशंकर तिवाड़ी ने बताया कि श्रीखाटुधाम गोवंश चिकित्सालय गोशाला ट्रस्ट नीची भांडोर में संचालित है। इस ट्रस्ट को शुक्रवार को रोटियों से भरी पिकअप गाड़ी आकोदा चौकी ने पकड़ी गई। शनिवार को जिले की गोशालाओं और उपमंडल अधिकारी महेंद्रगढ़ ने मौके का मुआयना किया, जिसमें ट्रस्ट संचालक दोषी पाया गया। उसके खिलाफ एसडीएम को शिकायत पत्र अग्रिम कार्रवाई के लिए दिया। ट्रस्ट के संचालक जयप्रकाश यादव नेक प्रशासन से दो दिन का समय मांगा था कि वह अपना रिकॉर्ड दो दिन के बाद आपके समक्ष पेश कर देेगा। लेकिन दो दिन का समय बीतने के बाद भी अपना लेखा-जोखा प्रस्तुत नहीं किया और न ही कोई सूचना दी। जिसके कारण मंगलवार को जिले की गोशालाओं के पदाधिकारियों ने बैठक में यह निर्णय लिया गया कि भविष्य में इस ट्रस्ट को न तो गोवंश दिया जाएगा और न किसी प्रकार की आर्थिक व अन्य सामग्री सहायता दी जाएगी। पदाधिकारियों ने गो हित को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया कि वहां पर अपंग गोवंश को श्री श्याम गोवंश चिकित्सालय गोशाला नीची भांडोर में भेजा जाए और बाकी गोवंश को अन्य गोशालाओं में भेजा जाए। इस अवसर पर यादव सभा डॉ. प्रेमराज, बहादुर सिंह थानेदार, कैप्टन राजेंद्र सिंह, मुकेश झुकिया, सुबेदार ब्रहमदेव आर्य, बंशीसिंह, नंदकिशोर ठेकेदार, बिजेंद्र यादव, ईश्वर मित्तल, ओमप्रकाश, सत्यनारायण बोहरा, कैलाश पाली, सुरजभान बोहरा, श्योराज सिंह, कैप्टन सुरेंद्र सिंह, गो सेवक प्रमोद बेवल, बलजीत सिंह आदि सहित समस्त गोशाला के सदस्य उपस्थित रहे।
गोवंश भी बेचने की पाई रसीद
दयाशंकर तिवाड़ी ने बताया कि उसके पास से राजस्थान के चुरू जिला की श्री शिव गोशाला को गोवंश बेचने की रसीद भी पाई है। जिसमें लिखा गया है कि श्रीखाटुधाम गोवंश चिकित्सालय गोशाला ट्रस्ट महेंद्रगढ़ को श्रीशिव गोशाला संस्थान भौसली जिला चुरू ने आवारा गोवंश को गोशाला में छोड़ने का संस्थानातरण देने का अनुमति प्रदान की है। आप श्रीशिव गोशाला संस्थान भौसली में आवरा गोवंश को छोड़ सकते है आपको पूर्ण रूप से अनुमति है इनको रास्ते में कोई रुकावट ना करे अनुमति प्रधान है।
वर्जन:
पुलिस के पास खाटुधाम गोशाला के प्रधान जयप्रकाश के खिलाफ गो ग्रास बेचने की शिकायत आई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
- रूपलाल शर्मा, थाना प्रभारी महेंद्रगढ़।