नारनौल। अरावली क्षेत्र में अवैध खनन और पत्थर चोरी करने का मामला सामने आया है। खनन विभाग की शिकायत पर नांगल चौधरी थाना पुलिस वीरवार को 13 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खनन विभाग को शिकायत मिली थी कि अरावली की पहाड़ियों से पत्थर की चोरी की जा रही है। जिस पर खनन निरीक्षक ओम दत्त शर्मा ने जैनापुर गांव में 14 अप्रैल को दोपहर करीब तीन बजे छापेमारी की। इस दौरान अरावली क्षेत्र में पत्थर चोरी करने का मामला सामने आया। निरीक्षक की शिकायत पर पुलिस ने भीम, धोलू, शेर सिंह, रोहताश, विक्रम, हनुमान, भीमा, संजय फौजी, राजेंद्र, राकेश रावत व इंद्र राज पर केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एचसी शिव कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अरावली में खनन व पत्थर ले जाने पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद आरोपी चोरी छिपे पत्थर चोरी कर रहे थे। जल्द ही आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।
बता दें कि अरावली से सटे गांवों में अवैध रुप से खनन और पत्थर चोरी की शिकायतें आती रहती है। कुछ दिन पहले नांगल चौधरी एरिया में खनन की टीम ने पत्थर चोरी के आरोप में एक ट्रैक्टर-ट्राली चालक को पकड़ा था। जिस पर गांव के करीब 12 लोग आ गए और टीम के साथ मारपीट कर चालक को साथ ले गए थे। इस मामले में भी पुलिस ने केस कर लिया है। नांगल चौधरी क्षेत्र में 100 से अधिक क्रशर है। ऐसे में आसपास के लोग अरावली में पत्थर ले जाकर क्रशर पर बेच देते हैं।