बिहाली गोलीकांड के तीन आरोपी पुलिस रिमांड पर
अटेली पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर हिरासत में लेकर पूछताछ करेगी
फोटो नंबर एक
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी अटेली। गांव बिहाली में एक वर्ष पूर्व हुए गोलीकांड के आरोपियों में से अटेली पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जाता है कि ये आरोपी विभिन्न मामलों में लिप्त हैं, जो गुरुग्राम जेल में बंद थे। अटेली पुलिस ने वीरवार को न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट के माध्यम से हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
गत वर्ष सात अगस्त की मध्यरात्रि को आरोपियों ने गांव बिहाली के किसान परिवार पर हथियार के बल पर ताबड़तोड़ हमला किया था। इसमें सुरेश, उसकी पत्नी और मनोज व उसकी माता सविता देवी घायल हो गए थे। हमलावरों ने मनोज और उसकी माता सविता देवी को गोली मारी थी। वहीं सुरेश और उसकी पत्नी पर ताबड़तोड़ लाठी डंडों से हमला कर दिया था। पूरे परिवार को बेहोशी की हालत में छोड़कर आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हमलावरों की गोली का शिकार युवक मनोज आज भी उपचाराधीन है। उसकी एक आंख की रोशनी चली गई। पुलिस ने घटना में लिप्त दिल्ली के नजफगढ़ निवासी धरमू उर्फ धीरेंद्र उर्फ हेमंत, मुन्ना उर्फ लखी उर्फ यान और लंबू उर्फ पलवी उर्फ तुल्ली गांव कबलपुर को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें तीन दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया। अटेली थाना प्रभारी रामस्वरूप के नेतृत्व में पुलिस टीम गहनता से पूछताछ में जुटी हुई है।