नारनौल। कंप्यूटर ऑपरेटर का धरना तीसरे दिन बुधवार को लघु सचिवालय प्रांगण में जारी रहा। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
धरने को संबोधित करते हुए कंप्यूटर प्रोफेशनल्ज संघ के जिला प्रधान प्रवीण सैनी ने कहा कि हमारा धरना लगातार तीन दिन से लघु सचिवालय में चल रहा है, लेकिन इसके बाद भी सरकार हमारी कोई सुनवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार का रवैया इसी प्रकार का रहा तो हमें सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए व समान काम समान वेतन दिया जाए। वहीं जल्द से जल्द यह पॉलिसी लागू की जाए। उन्होंने कहा कि हमारी हड़ताल के चलते सरल केंद्र और तहसील कार्यालयों का काम ठप पड़ा है। किसी भी तरह का कोई कार्य जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, मूल निवास, रजिस्ट्री, नकल इत्यादि काम नहीं किया जा रहा है।