फोटो संख्या: 70 कनीना में एसडीएम सुरेंद्र सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में निरीक्षण करते हुए
कनीना। उपमंडल अधिकारी ने बुधवार को कनीना स्थित तीन विभागों के कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जन स्वास्थ्य विभाग का उपमंडल लिपिक गैर हाजिर मिला। साथ ही हाजिरी रजिस्टर में पिछली हाजिरी के कॉलम खाली मिले तो मौके पर ही कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। बुधवार को दोपहर बाद उपमंडल अधिकारी सुरेंद्र सिंह कार्यालयों के औचक निरीक्षण पर पहुंचे थे।
उन्होंने कनीना महाविद्यालय, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिक विभाग, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में निरीक्षण किया। राजकीय महाविद्यालय में स्टाफ के रजिस्टरों में हाजिरी की जांच की गई। साथ ही विद्यार्थियों की हाजरी लेने के भी निर्देश दिए। वहीं जनस्वास्थ्य विभाग में उपमंडल लिपिक (एसडीसी) अनुपस्थित मिला। वहीं रजिस्टर में पिछली हाजिरी के भी कॉलम खाली मिले तो मौके पर ही कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। उसके बाद राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में मिड डे मील की भी जांच की गई। इसके साथ ही बुनियाद स्कीम के तहत लगने वाली कक्षाओं का भी निरीक्षण किया गया।
इस दौरान एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में सभी को नियमानुसार समय पर पहुंचना होगा। कार्यालय के लिए निर्धारित समय सारिणी में जो भी अधिकारी व कर्मचारी अपनी सीट पर नहीं मिलेगा उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को औचक निरीक्षण में मिले गैर हाजिरी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि काम के प्रति कोई कोताही बर्दास्त नहीं होगी, कर्मचारी अपना रवैया सुधारें।