फोटो 10 कार्यक्रम में प्रस्तुति देती छात्राएं। स्रोत: विभाग
नारनौल। बाल भवन में चल रहे जिला स्तरीय बाल महोत्सव के चौथे दिन विद्यार्थियों ने नृत्य और संगीत में अपनी प्रतिभा दिखाई। क्लासिकल सोलो डांस और राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिताओं में जिलेभर के 30 स्कूलों के 450 विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
जिला बाल कल्याण अधिकारी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी आगे मंडल स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने बताया कि 27 अक्तूबर को विद्यार्थियों के लिए हिंदी व अंग्रेजी हैंडराइटिंग और वन एक्ट प्ले/थिएटर प्ले प्रतियोगिताएं होंगी।
क्लासिकल सोलो डांस में आरआरसीएम पब्लिक स्कूल की वर्षा प्रथम, आरपीएस स्कूल की शगुन द्वितीय रही। सूरज स्कूल की दिशा और सीएल स्कूल की मनसिका ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। हैप्पी एवरग्रीन स्कूल की रिया और आरपीएस पब्लिक स्कूल की भाविका सुरेलिया को सांत्वना पुरस्कार मिला।
क्लासिकल सोलो डांस (तृतीय ग्रुप) में आरआरसीएम पब्लिक स्कूल की अशमी प्रथम, आरपीएस स्कूल की दिवाक्षी द्वितीय और सूरज स्कूल महेंद्रगढ़ की पलक तृतीय रही। यदुवंशी शिक्षा निकेतन की अवनी और हैप्पी एवरग्रीन स्कूल की सृष्टि को सांत्वना पुरस्कार मिला।
राष्ट्रीय समूह गान में आरपीएस स्कूल की टीम ने पहला, सूरज स्कूल की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। आरपीएस स्कूल और एमएएसडी स्कूल की टीमें संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। यूरेका पब्लिक स्कूल और भारती पब्लिक स्कूल की टीमों को सांत्वना पुरस्कार मिला।
फोटो 10 कार्यक्रम में प्रस्तुति देती छात्राएं। स्रोत: विभाग