मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, गुप्तचर विभाग, खनन, प्रदूषण तथा बिजली निगम की संयुक्त टीम द्वारा गांव बायल के ग्राइंडिंग यूनिट एरिया में बालाजी ग्राइंडिंग यूनिट व एसएलडी यूनिट पर छापा मारा। इस दौरान यह दोनों ग्राइंडिंग यूनिट अवैध रूप से चलती हुई पाई गई। प्रदूषण विभाग की ओर से दोनो को नोटिस जारी किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को बार-बार सूचना लग रही थी कि बायल क्षेत्र में अवैध रूप से पत्थरों की ग्राइंडिंग की जा रही है। इसके बाद मुख्यमंत्री उड़नदस्ते टीम ने मंगलवार को मौके पर कार्रवाई करने का निर्णय लिया। उड़नदस्ते टीम में निरीक्षक सुबे सिंह, हैड कांस्टेबल सचिन, सुनील, गुप्तर विभाग की ओर से संदीप और अनिल, प्रदूषण विभाग धारुहेड़ा से एसडीओ अनुज नरवाल तथा खनन विभाग से निरीक्षक मनीषा शामिल रहीं। टीम बायल गांव में पहुंची। इस दौरान बालाजी ग्राइंडिंग यूनिट परिसर में ग्राइंडिंग की दो मशीनें चल रही थी जिसमें उनको एक मशीन चलाने की अनुमति थी। दूसरी एसएलडी यूनिट भी कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। प्रदूषण एवं खनन विभाग की ओर से दोनों को नोटिस जारी किए जाएंगे। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर ही एक ओवर लोड व अवैध रूप से पत्थर ले जाते हुए डंपर पकड़ा जिसका टीम द्वारा आरटीओ विभाग को बुलाकर मौके पर लगभग एक लाख रुपये का चालान करवाया गया।