गांव डेरोली अहीर में बुधवार को दिन दहाड़े चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर लाखों रुपये के आभूषण तथा 18 हजार रुपये की नकदी चुरा ले गए। वारदात के समय घर पर कोई नहीं था। सब लोग खेत में गए हुए थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया तथा अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी।
पीड़ित रामौतार ने बताया कि वह खेती का कार्य करता है। वो तीन भाई हैं। गांव में तीनों भाईयों का साझे का मकान है। दो भाई बाहर रहते हैं जबकि उसका परिवार गांव में ही रहता है। उसने बताया कि घर पर वह और उसकी पत्नी ही रहती है। बुधवार को दिन में लगभग साढ़े 11 बजे वह खेत में भैंसों के चारे के लिए घास लेने चले गए थे। लगभग ढाई बजे जब वापस आए तो घर का सारा सामान बिखरा हुआ पड़ा था। इसके बाद उसने जब सामान चेक किया तो पांच तोला सोना, 250 ग्राम चांदी उसका तथा 4 तोला सोना और 150 ग्राम चांदी उसके भाई राम सिंह का चोरी हो गया। इसके अलावा 200 ग्राम चांदी दूसरे भाई रामकिशन का चोरी हो गया। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया तथा पीड़ित रामातौर के बयान पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
पीड़ित रामौतार ने बताया कि उसने बक्से में अपने आभूषण रख रखे थे। खेत से आया तो बक्से का सामान बिखरा हुआ था। उसको चेक किया तो उसमें से एक सोने की चैन, तीन सोने की अंगूठी, दो जोड़ी सोने के टॉप्स, तीन जोड़ी चांदी की पायल व लगभग 18 हजार रुपये गायब थे । उसके भाई रामसिंह के बक्से से एक सोने की चैन, एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक चांदी का मंगल सूत्र, एक जोड़ी चांदी की पायल गायब थे तथा रामकिशन के बक्से से एक चांदी का हार, दो चांदी के मंगल सूत्र, दो जोड़ी पायल व चुटकी गायब थे।
रामौतार ने बताया कि अज्ञात चोरों ने उसी दिन उसके ताऊ के पुराने घर पर भी ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया लेकिन वहां उसे कुछ नहीं मिला। मंगलवार-बुधवार की रात जच्चा-बच्चा केंद्र पर भी चोरी का प्रयास किया। उन्हें वहां भी कुछ नहीं मिला।