मोहल्ला मियां की सराय में अलमारी का ताला ठीक करने के बहाने चोरी करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी से चोरी का सामान और नकदी बरामद कर ली गई है। शहर थाना पुलिस ने आरोपी दलीप निवासी बसरवाड़ा थाना डूंगरपुर राजस्थान को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी से करीब 24 हजार की नकदी और दो सोने की अंगूठी बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उन्होंने चुराया हुआ सामान जयपुर में बेच दिया था। जिस पर पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के मामले में जयपुर निवासी दीपक को गिरफ्तार किया है। जिसे शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि मोहल्ला मियां की सराय में अलमारी का ताला ठीक करने के बहाने दो व्यक्ति मकान में घुस गए और मकान मालिक को बातों में लगाकर अलमारी में रखे गहने चोरी करके फरार हो गए। पीड़ित मकान मालिक हजारी लाल ने इसकी शिकायत में पुलिस में दर्ज करवाई थी। जिसने बताया कि दोपहर के समय वह घर पर था। मकान की गली में दो व्यक्ति ताला ठीक करवा लो की आवाज लगा रहे थे। यह सुनकर वह बाहर आया और अलमारी के लॉकर को ठीक करने की बात कही और दोनों मकान के अंदर आ गए। उस वक्त बिजली गुल थी। इस वजह से कमरे में अंधेरा था। इसी बीच दोनों व्यक्तियों ने अलमारी का लॉकर खोला और एक छोटे पर्स में रखे गहनों का पर्स सहित चुरा लिया। मालिक अंदर आया तो लॉक ठीक होने की बात कहते हुए 30 मिनट बाद अलमारी खोलने को कहा। इसके बाद दोनों व्यक्ति वहां से चले गए। घटनाक्रम के बाद शिकायतकर्ता की पुत्रवधू वहां आई तो अलमारी से गहने चोरी होने की बात बताई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की जांच करते हुए गहने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी दलीप को शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान उससे 24 हजार की नकदी और सोने की अंगूठी बरामद की।