मंडी अटेली। कस्बे में स्थित द महेंद्रगढ़ सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक में हुए 3 लाख 68 हजार रुपये के गबन के बारे में जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। जांच कमेटी की ओर से सौंपी गई रिपोर्ट के बाद अब पुलिस ने बैंक के तत्कालीन प्रबंधक समेत दो अन्य कर्मचारियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इससे पहले भी पुलिस ने इस मामले में दो मुकदमे दर्ज किए हैं।
अटेली स्थित द महेंद्रगढ़ सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड में गबन के मामले में 17 दिसंबर 2022 व 3 जुलाई को पुलिस ने अटेली थाने में मामला दर्ज किया था। इसके बाद इस मामले को लेकर एक विशेष जांच समिति बनाई गई थी। जांच समिति की ओर से कई खातों में गड़बड़ी पाई गई। इनमें एक उपभोक्ता के खाते में दो लाख, दूसरे में 88 हजार तीसरे में 30 हजार तो चौथे उपभोक्ता के खाते में 50 हजार रुपये तक की हेराफेरी मिली। इस बारे में बैंक के एक उपभोक्ता ने पुलिस में शिकायत भी दी गई थी। जांच रिपोर्ट में पाया गया कि इन खातों में लेनदेन के समय तत्कालीन शाखा प्रबंधक ब्रह्म प्रकाश के अलावा बैंक में लगे कर्मचारी नवीन यादव, नीलम यादव और नरेंद्र की आईडी का उपयोग पाया गया। इस तरीके से तीनों ने सांठगांठ करके बैंक के साथ धोखाधड़ी कर उसमें गबन किया। जांच समिति की ओर से उक्त लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने की सिफारिश की गई। पुलिस ने सभी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।