नारनौल। होली पर्व पर पानी को संभल कर इस्तेमाल करें। इस बार नहरी पानी होली के बाद ही आएगा। इसकी वजह से जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से भी राशनिंग शुरू कर दी है।
इसके लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने भी सार्वजनिक सूचना जारी कर लोगों से पानी व्यर्थ न बहाने की अपील की है। बता दें कि नहरी पानी पहले 10 मार्च को खूबडू हेड से छोड़ा जाना था, लेकिन इसके बाद अब सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार 14 मार्च को छोड़ा जाएगा, जो 16 तक नारनौल पहुंचेगा। ऐसे में अभी पानी की मारामारी हो सकती है। रेवाड़ी रोड पर बने जलघर में पानी समाप्त होने की कगार पर है।
वहीं नसीबपुर जलघर में भी कुछ दिन का पानी शेष बचा हुआ है। इस बार नहरी पानी देरी से आने पर शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अब होली पर्व से पहले पानी नहीं आने से रंग फिका होता दिखाई दे रहा है। ऐसे में शहरवासियों को आगामी कुछ दिनों के लिए संभल कर पानी का उपयोग करना होगा। अन्यथा उन्हें पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ सकती है।
इंसेट
1.20 लाख की आबादी नहरी पानी पर निर्भर
शहर की 1.25 लाख की आबादी नहरी पानी पर निर्भर है। शहर के घरों के अंदर करीब 25 हजार से अधिक पानी के कनेक्शन हैं। ऐसे में नहर आने में देरी हो जाती है तो शहरवासियों के सामने पीने के पानी की परेशानी खड़ी हो जाती है। विभाग की तरफ से प्रतिदिन एक व्यक्ति काे 135 लीटर पानी दिया जाता है, लेकिन पानी की कमी की वजह से प्रति व्यक्ति पानी कम मिल रहा है।
वर्जन:
रेवाड़ी रोड पर जलघर में पानी की किल्लत है। नसीबपुर जलघर में 7 से 10 दिन का पानी बचा हुआ है। नहर आने तक पानी की सप्लाई सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए ट्यूबवेल से पानी एकत्रित कर सप्लाई किया जाएगा। साथ ही पानी की सप्लाई में कुछ समय की कटौती की जाएगी। नहर आने के बाद पानी की सप्लाई सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी।-नितिन जेई, जनस्वास्थ्य विभाग।
वर्जन:
खूबडू हेड से 14 मार्च को पानी चलेगा, जो 16 मार्च तक नारनौल पहुंचेगा। इसके बाद सभी वाटर टैंक व जोहड़ों को भरा जाएगा -राजेश वर्मा, एसडीओ सिंचाई विभाग।