महेंद्रगढ़। मजदूर दिवस पर रविवार देर शाम भवन निर्माण कामगार यूनियन ने अपनी समस्याओं को लेकर शहर में मशाल जुलूस निकालकर विधायक रावदान सिंह के नाम ज्ञापन उनके भाई राव रामकुमार को सौंपा। यूनियन के सदस्यों ने शहर के हुड्डा पार्क, बस स्टैंड, आईटीआई, सीएसडी कैंटीन, विश्वकर्मा चौक, बालाजी चौक, शंकर मार्केट, सब्जी मंडी रोड होते गुजरा।
यूनियन जिला सचिव शिवकुमार ने बताया कि श्रम मंत्री व श्रम कल्याण बोर्ड के साथ कई दौर की बातचीत में निर्माण मजदूरों की मांगों पर बनी सहमति को अभी तक लागू नहीं किया गया है। अगर जल्द की उनकी मांगों का समाधान नहीं होता है तो 18 मई को श्रम मंत्री से मुलाकात कर मांगें रखी जाएंगी। फिर भी निर्माण मजदूरों का समाधान नहीं हुआ तो 12 जुलाई को श्रम मंत्री के आवास पर राज्य भर के निर्माण मजदूर आक्रोश प्रदर्शन करेंगे।
उनकी मुख्य मांगें सभी जिलो में श्रम कल्याण बोर्ड का कार्यालय खोला जाए, यूनियनों को 90 दिन की तशदीक का अधिकार दिया जाए, मृत्यु व कन्यादान से परिवार पहचान पत्र की अनिवार्यता समाप्त करने पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। श्रम बोर्ड के अधिकारियों के साथ सहमति भी बनी थी। मजदूरों के पंजीकरण के लिए जिला वार कैंप लगाने का निर्णय सरकार ने लिया था जिसे अभी तक लागू नहीं किया है। वहीं 90 दिन की वर्क स्लिप जिला के अधिकारियों द्वारा मंजूर नहीं करने के कारण फार्म भी नहीं भर रहे हैं। समय रहते सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करती तो आगामी समय में आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इस अवसर पर महाबीर, शिवकुमार, पवन कुमार, ओमप्रकाश, मुकेश, रामभज, भीखाराम,सुरेंद्र, बाबूलाल, नेतराम, रोहताश, मुंशीराम, बाबूलाल, मनोज सहित अनेक मजदूर यूनियन के लोग उपस्थित रहे।