गांव धोलेड़ा में ड्यूटी पर तैनात जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी के साथ कुछ युवकों ने मारपीट कर दी। कर्मी को प्राथमिक उपचार के बाद नारनौल रेफर किया गया हैं। मौके पर पहुंचे विभाग के जेई प्रियवीर ने कर्मचारी का मेडिकल कराने के बाद थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।
जानकारी के मुताबिक धोलेड़ा निवासी कृष्ण कुमार जनस्वास्थ्य विभाग में डीसी रेट पर नियुक्त है। जिसको गांव में वाटर सप्लाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीते दिनों आरोपी ने विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें बूस्टर ऑपरेटर कृष्ण कुमार पर जानबूझकर पानी नहीं छोड़ने के आरोप लगाए थे। शिकायत मिलने पर कनिष्ठ अभियंता प्रियवीर जांच करने गांव पहुंचे। उन्होंने बूस्टर पंप को चालू करके शिकायतकर्ता के घर नलकूप का निरीक्षण किया। इस दौरान नलकूप में पानी चालू मिला, इसके बाद जेई ने मोबाइल पर संपर्क करके शिकायतकर्ता को बुलाया। पीड़ित कर्मचारी ने आरोप लगाया कि शिकायतकर्ता ने आते ही उसके साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। कारण पूछने पर उन्होंने मारपीट करनी आरंभ कर दी। तीन अन्य नामजद युवक भी वारदात में शामिल रहे। इस संदर्भ में विभाग के जेई प्रियवीर ने बताया कि गांव के चार नामजद आरोपियों ने बूस्टर ऑपरेटर के साथ ड्यूटी पर मारपीट की है जिनके खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस में शिकयत दे दी है।