कनीना। खंड स्तर पर मुख्यमंत्री सौंदर्यीकरण कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय भड़फ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कनीना खंड के पांच विद्यालयों में हुए निरीक्षण एवं मूल्यांकन के बाद अवलोकन समिति ने भड़फ विद्यालय को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया।
विद्यालय ने वर्ष 2022-23 में भी सौंदर्यीकरण प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया था। इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग की ओर से विद्यालय को 51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
अवलोकन समिति में खंड शिक्षा अधिकारी सुनील खुडानिया, रावमावि बाघोत के प्राचार्य महेंद्र गुप्ता व रावमावि के प्राचार्य सतीश कुमार शामिल रहे। समिति ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, हरित वातावरण, सुव्यवस्थित कक्षाएं, आकर्षक दीवार लेखन, पौधरोपण व विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की विशेष सराहना की।
इस उपलब्धि पर भड़फ गांव की सरपंच पूनम शास्त्री ने कहा कि यह सम्मान पूरे गांव के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य विद्यालयों को भी प्रेरणा मिलेगी। विद्यालय के मुख्य अध्यापक सत्य प्रकाश ने इस सफलता का श्रेय समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों की टीम भावना, अनुशासन और निरंतर प्रयासों को दिया।
उन्होंने कहा कि सौंदर्यीकरण केवल बाहरी सजावट नहीं बल्कि स्वच्छता, संस्कार और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का प्रतीक है। विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी परिसर की सुंदरता, स्वच्छता एवं शैक्षणिक गुणवत्ता को बनाए रखते हुए मुख्यमंत्री सौंदर्यीकरण कार्यक्रम के उद्देश्यों को आगे बढ़ाया जाएगा और विद्यालय को आदर्श संस्थान के रूप में स्थापित किया जाएगा।