नारनौल। जिले में खरीफ फसल की खरीद एक अक्तूबर से शुरू होगी। बाजरे की खरीद के लिए नारनौल, नांगल चौधरी, अटेली, महेंद्रगढ़, सतनाली और कनीना आदि मंडियां आवंटित की गई हैं।
इस बार बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2775 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। मंगलवार को खरीफ फसलों की खरीद की तैयारियों को लेकर उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बताया कि जिले में खरीद प्रक्रिया एक अक्तूबर से शुरू होगी। एडीसी ओवर ऑल इंचार्ज होंगे और संबंधित एसडीएम अपने क्षेत्र के नोडल अधिकारी होंगे।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद से संबंधित सभी तैयारियां समय से पहले पूरी करें। बाजरा खरीद के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष खरीफ विपणन सीजन 2025-26 के लिए बाजरा का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2775 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मंडियों में नमी मापने वाले मीटर की व्यवस्था होनी चाहिए। बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएं। खरीद के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंडियों के मुख्य द्वारों पर खरीद के मानदंडों वाले होर्डिंग लगाए जाएं।
इस बैठक में महेंद्रगढ़ की एसडीएम कनिका गोयल, नारनौल एसडीएम अनिरुद्ध यादव, नांगल चौधरी एसडीएम उदय सिंह, नगराधीश डॉ मंगलसेन, डीएसपी भारत भूषण तथा डीएफएससी कुशलपाल बुरा के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
पोर्टल पर 75,524 किसानों ने कराया पंजीकरण
उप कृषि निदेशक के आंकड़ों के अनुसार ''मेरी फसल, मेरा ब्योरा'' पोर्टल पर 75524 किसानों ने पंजीकरण कराया है। इस बार प्रति एकड़ 8 क्विंटल की अनुमानित उपज के आधार पर बाजरा का कुल अनुमानित उत्पादन 2073824 क्विंटल है। इस साल कुल अनुमानित खरीद 141435 मीट्रिक टन है, जिसमें से हैफेड द्वारा 60000 मीट्रिक टन और हरियाणा स्टेट वेयरहाउस कॉर्पोरेशन द्वारा 81435 मीट्रिक टन की खरीद का अनुमान है।