अगर आप पैसे निकालने के लिए किसी एटीएम बूथ पर गए हैं। इस दौरान मशीन में पासवर्ड डालते समय आपके पास कोई अनजान व्यक्ति खड़ा है तो जरा संभल जाएं। वह व्यक्ति शातिर लूटेरा भी हो सकता है। जी हां, इन दिनों नारनौल शहर में एक ऐसा ही शातिर घुम रहा है।
उसमें खास बात यह है कि वह उसी बूथ में जाता है जिसमें दो एटीएम मशीन हो ताकि व्यक्ति को उलझाकर उसके पासवर्ड चुरा दूसरी मशीन को हैक कर पैसा निकाल सके। ऐसे शातिर को पकड़ने के लिए पुलिस ने वीडियो और फोटो जारी किया है। इतना ही नहीं उसे पकड़वाने पर 5 हजार रुपये का इनाम भी रखा गया है।
शहर में इस तरह की घटना का मामला अप्रैल माह की 11 तारीख को पुलिस के सामने आया। पुलिस ने रोजमर्रा की तरह इस मामले को लिया और जांच शुरू की। घटना डीसी कैंप के ठीक सामने स्टेट बैंक ऑफ पटियाला के एटीएम बूथ की है। बूथ में दो एटीएम मशीन हैं। इसमें पीड़ित पैसे निकलाने गया था। बाद में पता चला कि उसके अकाउंट से 40 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। खैर, पुलिस जांच में जुटी हुई थी। तभी 28 मई को उसी एटीएम बूथ पर वैसी ही घटना दोबारा हो गई। इस घटना में दूसरे पीड़ित को 20 हजार की चपत लगी। हैरानी की बात यह है कि अगले ही दिन उसी एटीएम में फिर ऐसी घटना घटी।
तीनों घटना में एक ही युवक
एक ही एटीएम बूथ पर तीन घटना होने पर पुलिस ने छानबीन शुरू की। तीनों घटना के तीनों ही वीडियो को चेक किया गया। तीनों में एक ही युवक सामने आया। पुलिस का शक सही निकला। तीनों घटनाओं का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने लोकल डिक्स पर वीडियो जारी की। साथ ही पुलिस ने करीब 25 वर्षीय युवक को पकड़वाने या सूचना देने वालों को 5 हजार रुपये नकद इनाम देने की भी घोषणा कर दी।
जहां दो एटीएम मशीन, वहीं घटी घटना
तीनों वारदात में इस एक युवक की समान तौर पर गतिविधियां नजर आ रही है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक बुजुर्ग एटीएम बूथ के अंदर गया। वहां दो मशीनें हैं। पीछे-पीछे यह एक युवक भी अंदर आ गया। बुजुर्ग ने जैसे ही पासवर्ड मशीन में डालने का प्रयास किया तभी युवक ने रोका और दूसरी मशीन में पैसे निकालने के लिए बुजुर्ग से आग्रह किया। बातों-बातों में बुजुर्ग मशीन में ‘कैंसिल’ का बटन दबाना भूल गया और दूसरी मशीन से पैसे निकलाने लगा। बुजुर्ग के पैसे निकालते ही युवक ने पर्ची पर निगाह दौड़ाई और बैलेंस चेक कर लिया। अब साथ वाली मशीन को हैक कर बैलेंस के हिसाब से पैसे निकाल लिए। हालांकि इसी दौरान बुजुर्ग ने दोबारा पैसे निकालाने के लिए कार्ड मशीन में डालना चाहा तो युवक ने उसे बातों में लगाकर रोक दिया। इसी दौरान दूसरी से बुजुर्ग के खाते से पैसे निकाले और बुजुर्ग को अब मशीन से पैसे निकलवाने की बात कहकर निकल गया।