आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका यूनियन संबंधित स्कीम वर्कर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं आंगनबाड़ी तालमेल कमेटी हरियाणा के आह्वान पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शनिवार को भाजपा जिला अध्यक्ष के कार्यालय पर प्रदर्शन कर उन्हें ज्ञापन सौंपा जाएगा। आंगनबाड़ी तालमेल कमेटी के आह्वान पर कार्यकर्ताओं की हड़ताल 59वें दिन शुक्रवार को भी जारी रही। इस दौरान लघु सचिवालय नारनौल में सावित्री देवी की अध्यक्षता में धरना दिया गया।
जिला प्रधान कृष्णा देवी ने कहा कि आंगनबाड़ी आंदोलन को 2 महीने होने जा रहे हैं। लेकिन सरकार अपनी हठधर्मिता पर अड़ी है। सरकार लंबे समय से आंगनबाड़ी वर्कर्स व हेल्पर्स की स्वीकृत व घोषित मांगों की घोर अनदेखी व उपेक्षा कर रही है। नतीजतन यूनियन व तालमेल कमेटी को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ा। सरकार ने तालमेल कमेटी हरियाणा की घोषित 5 फरवरी तक यदि मांगें स्वीकार नहीं की तो तालमेल कमेटी को कड़े व कठोर आंदोलनात्मक फैसले लेने होंगे, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। सरकार व विभाग इस बात को स्वीकार कर रहा है कि आंगनबाड़ी हड़ताल के चलते आईसीडीएस परियोजनाओं की सेवाएं व उद्देश्य प्रभावित हुए है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से टीकाकरण, पूरक पोषाहार, स्वास्थ्य जांच व पोषण व स्वास्थ्य शिक्षा जैसी सेवाएं और 0-6 वर्ष के बच्चों की पोषण व स्वास्थ्य स्थिति को सुधारना, बच्चों के शारीरिक, सामाजिक, मानसिक विकास की नींव रखना, कुपोषण व मानसिक अस्वस्थता व स्कूल छोड़ने वाले बच्चों की संख्या में कमी करना, बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य योजना, माताओं के सर्वांगीण विकास के योग्य बनाने जैसे आईसीडीएस परियोजनाओं के उद्देश्य जो आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित हो रहे हैं सरकार की हठधर्मिता के चलते प्रभावित हो रहे हैं। जो सरकार के महिला एवं नौनिहालों के लिए सरकार की जनकल्याणकारी भावना व जन सरोकार की भावना के प्रतिकूल है।
उन्होंने कहा कि जब तक आंगनबाड़ी तालमेल कमेटी की प्रमुख मांगों को स्वीकार नहीं किया जाएगा उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस धरने को जिला प्रधान मास्टर सूबे सिंह, कृष्णा देवी, संतोष ढिल्लो, छाजूराम रावत, बलजीत, विजया यादव, राजकुमारी, कृष्णा कुमारी, माया, लवली, सरला, आशा, सुरेश, मंजू, बलजीत, माया घाटाशेर, प्रेमलता, लाजवंती, शारदा, समझकौर, दीपमाला, मनोज, कुसुम, मनीषा, कौशल्या, सुमन, कमलजीत, दयाकोर, पूजा यादव, भानवती व रोशनी आदि ने संबोधित किया।