फोटो नंबर-18नारनौल में गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली आए मिट्टी कलश स्वागत करते लोग। स्र
नारनौल। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली वाराणसी से लाई गई पावन मिट्टी के कलश का वीरवार को नारनौल पहुंचने पर श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। कलश वंदन शोभायात्रा के दौरान जिले में कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया।
महेंद्रगढ़ जिले की सीमा में प्रवेश करने पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव, जिला प्रमुख डॉ. राकेश कुमार, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष कर्मवीर खीची सहित अन्य पदाधिकारियों ने कलश का स्वागत किया। इसके बाद अटेली में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के कार्यालय पर भी कार्यकर्ताओं ने श्रद्धापूर्वक अभिनंदन किया।
नारनौल पहुंचने पर सरस्वती गार्डन के सामने आयोजित कार्यक्रम में विधायक ओम प्रकाश यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया। इसके बाद कलश को रविदास मंदिर ले जाया गया, जहां महंत बालकनाथ और रविदास सभा के सदस्यों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर स्थापना की।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्षों को मिट्टी के कलश सौंपे गए। इन्हें गांवों के रविदास मंदिरों तक ले जाकर स्थापित किया जाएगा। इस यात्रा का उद्देश्य गुरु रविदास जी के समानता, भाईचारे और मानवता के संदेश को लोगों तक पहुंचाना है।