नारनौल। अग्निपथ योजना से देश के युवा समृद्ध, सशक्त एवं स्वाभिमानी बनेंगे और भारतीय सेना विश्व में बहुआयामी बनकर चमकेगी। भारतीय सेना को विश्व की सबसे बेहतरीन सेना बनाने के लिए यह योजना लाई गई है। यह योजना सशस्त्र बलों को आधुनिक बनाने में कारगर साबित होगी। ये बातें हरियाणा भाजपा के मीडिया सह प्रमुख अरविंद सैनी ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहीं।
उन्होंने अग्निपथ को अच्छी योजना बताते हुए कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर युवाओं को भड़काने का आरोप लगाया। कहा कि कहा कि इस योजना के तहत 4 साल तक राष्ट्र की सेवा करने के साथ अच्छा वेतन, नौकरी के बाद लाखों रुपये एकमुश्त देने और राज्य सरकार की ओर से नौकरी देने की गारंटी देने से सेना में नौकरी करने वाले युवाओं को लाभ मिलेगा। इस योजना के तहत इस साल 46,000 अग्निवीरों की भर्ती की जाएगी। इसमें प्रथम वर्ष का पैकेज लगभग 4.76 लाख होगा। चौथे वर्ष में 6.92 लाख की राशि मिलेगी। इसके अलावा भत्ते के तहत जोखिम और कठिनाई, राशन, पोशाक, यात्रा भत्ते भी लागू होंगे। सैनी कहा कि सेवा निधि के तहत मासिक परिलब्धियों का 30 प्रतिशत व्यक्तियों द्वारा योगदान किया जायेगा। सरकार द्वारा सम्मान राशि का योगदान होगा। चार साल बाद लगभग 11.71 लाख रुपये की समग्र निधि राशि आयकर की छूट के साथ हासिल होगी। इसके अलावा मृत्यु के मामले में मुआवजा के रूप में रुपये का गैर-अंशदायी जीवन बीमा होगा।
उन्होंने कहा कि सेवा के कारण मृत्यु के लिए 44 लाख स्वरूप विकलांगता मुआवजा देय होगा। भाजपा नेता ने अग्निपथ योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के अलावा तीनों सेना प्रमुखों का आभार जताने के साथ-साथ अग्निवीरों को 4 साल बाद लौटने पर स्थाई नौकरी देने के हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के फैसले का भी स्वागत किया। सैनी ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार युवाओं को सशक्त और देश को शक्तिशाली बनाने का काम कर रही है, लेकिन कांग्रेस व अन्य विपक्षी दल भ्रम फैलाकर युवाओं से हिंसक प्रदर्शन करवा रही है।