नारनौल। राजकीय बहु तकनीकी संस्थान नारनौल में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों का इंतजार जल्द ही खत्म होगा। अगले सप्ताह से दाखिले के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। दो दिन पूर्व निदेशालय ने 23 जून से आवेदन प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए थे लेकिन तकनीकी कारणों से आवेदन प्रक्रिया को स्थगित करना पड़ा था।
दक्षिण हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में स्थित राजकीय बहु तकनीकी संस्थान 30 साल पुराना है। शुरुआत में संस्थान में तीन कोर्सेज में डिप्लोमा करवाया जाता था। विद्यार्थियों की मांग पर अब यहां 6 कोर्सेज हो गए हैं। वर्तमान में संस्थान में विभिन्न कोर्सेज की 420 सीटें हैं। हरियाणा स्टेट काउंसलिंग सोसायटी की ओर से दाखिला प्रक्रिया का नोटिफिकेशन जारी हो चुका है जिसका रजिस्ट्रेशन जल्द ही शुरू हो जाएगा। संस्थान में विभिन्न कोर्सेज में दाखिले के लिए हर साल एक हजार आवेदन आते हैं। यह महेंद्रगढ़ जिले का एकमात्र राजकीय बहु तकनीकी शिक्षण संस्थान है। संस्थान में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की परीक्षाएं 7 जुलाई से शुरू होकर 31 जुलाई को खत्म होंगी।
शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने वाले स्टाफ को किया सम्मानित
संस्थान प्राचार्य अनिल यादव ने संस्थान के पिछले साल दाखिले में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले तथा 100 प्रतिशत लक्ष्य को पूरा करने वाले सदस्यों को सम्मानित किया। इस मौके पर प्राचार्य ने सभी स्टाफ सदस्यों की उनके कार्यों को लेकर प्रशंसा की। ऑफिसर इंचार्ज करुणा यादव ने संस्थान प्राचार्य सभी स्टाफ सदस्यों का आभार जताया। इस मौके पर नरेश शर्मा, योगेंद्र शेखावत, संजीव यादव, सुमन, अंजनी कुमार, संदीप कुमार, रजत सिंह, कपिल यादव, दयासिंह, सिकंदर सिंह, पूजा यादव, मोनिका यादव, कुलदीप मित्तल, सुदेश, सचिंद्र व राजेश मौजूद रहे।
संस्थान के प्राचार्य तथा ट्रेनिंग प्लेसमेंट ऑफिसर अनिल यादव व उनकी पूरी टीम के प्रयास से इस बार राजकीय पॉलीटेक्निक नारनौल का प्लेसमेंट शत प्रतिशत रहा।
संस्थान में सीटों का विवरण
सिविल इंजीनियरिंग -- 60
कंप्यूटर इंजीनियरिंग -- 60
इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग --60
इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग-- 60
इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल इंजीनियरिंग-- 60
मैकेनिकल इंजीनियरिंग-- 120
वर्जन -
संस्थान में दाखिला लेने के लिए विद्यार्थियों में काफी प्रतिस्पर्धा होती है। इसके चलते मेरिट सूची काफी ऊंची रहती है। दाखिला प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने वाली है। तब तक विद्यार्थी अपने दस्तावेज पूरा कर लें जिससे कि आवेदन करते समय उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पड़े।-अनिल यादव, प्राचार्य राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान नारनौल।