नारनौल। जिला सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित वाहन पॉलिसी को लेकर उपायुक्त अजय कुमार ने मंगलवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें सड़कों को पूरी तरह से सुरक्षित बनाने पर मंथन हुआ।
उपायुक्त ने बीएंडआर विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के कारण कुछ सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों को जल्द से जल्द भरा जाए। अब बरसात भी खत्म हो चुकी हैं ऐसे में इसमें तारकोल व रोड़ी डालकर भरा जाए। इसके अलावा जहां जेब्रा क्रासिंग की व्यवस्था की जाए। माधोगढ़ घाटी में दीवारों को ठीक किया जाए। बीएंडआर के एक्सईएन ने डीसी को आश्वासन दिया कि आगामी 15 या 20 दिन में सड़कों के गड्डों को तारकोल व रोडी डालकर भर दिया जाएगा। अब दो-तीन सप्ताह विभाग युद्धस्तर पर इसी काम में जुटेगा।
प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव ने सीएनजी पेट्रोल पंपों के पास लगने वाले जाम का मामला भी बैठक में रखा। इस पर डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संबंधित सीएनजी पंपों के प्रबंधकों को निर्देश दें कि वे अपने यहां अधिकतम नोजल व स्टाफ लगाकर सीएनजी भरने का काम करें। इसके साथ-साथ ही लाइन को सही ढंग से सड़क से नीचे लगवाने के लिए अपने कर्मचारियों को लगाएं। अगर इस माह तक इसमें सुधार नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कानून अनुसार कार्रवाई की जाएगी। यह सारी जिम्मेदारी सीएनजी पंप संचालकों की बनती है। इस मामले में कोई ढील नहीं होनी चाहिए।
शहर में पैदल यात्रियों की समस्याओं को भी इस बैठक में रखा गया। इस पर डीसी ने निर्देश दिए कि इससे संबंधित अधिकारी अच्छी तरह से मुआयना करें। अगर इतनी जगह बचती है तो इसका एक प्रपोजल बनाकर लाएं ताकि पैदल यात्रियों को भी सुरक्षित रास्ता मिल सके। इस दौरान प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव अजय सिंह, एसडीएम दिनेश कुमार व नगराधीश अमित कुमार तथा एक्सईएन सज्जन सिंह मौजूद रहे।