कनीना। उपमंडल के गांव भोजावास में खो-खो खेल नर्सरी में खेल महाकुंभ को लेकर खिलाड़ियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। नर्सरी में 67 खिलाड़ी प्रतिदिन पांच घंटे कठिन अभ्यास कर खेल महाकुंभ, राज्यस्तरीय व राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटे हैं। अनुशासन, कड़ी मेहनत और नियमित प्रशिक्षण के दम पर यह नर्सरी क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की नई पहचान बनती जा रही है।
अनुभवी खो-खो कोच दीपक सिंह के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीकों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नर्सरी में 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के 17, 17 वर्ष से कम आयु वर्ग के 20, 19 वर्ष से कम आयु वर्ग के 10 तथा 11 वर्ष से कम आयु वर्ग के 20 खिलाड़ी नियमित अभ्यास कर रहे हैं। खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, गति, संतुलन और खेल कौशल विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
एनआईएस खाे-खो कोच दीपक सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण के साथ आवश्यक खेल सामग्री भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। उनका लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि वर्तमान में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ी आने वाले वर्षों में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि गांव की ग्राम पंचायत और अभिभावकों का भरपूर सहयोग मिल रहा है जिसके कारण खिलाड़ियों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
खेल नर्सरी में अनुशासन और नियमित अभ्यास के कारण बच्चों में आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की सकारात्मक सोच विकसित हो रही है। खिलाड़ी उत्तम, सुमित, राहुल, साहिल, प्रवीण, गौरव, मोहित, कृष्ण, देवेन, विनय, चेतन, विहान, अंकित, नरवीर सहित अन्य ने बताया कि खेल महाकुंभ के लिए दिन-रात अभ्यास कर रहे है। उन्हें विश्वास जताया कि महाकुंभ में वे उत्कर्ष प्रदर्शन करते हुए मैडल जीतेंगे व जिले का नाम रोशन करेंगे।