फोटो नंबर-28शोभायात्रा के दौरान निकाली गई गुरु रविदास महाराज की झांकी। संवाद
नारनौल। गुरु रविदास महासभा के तत्वावधान में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को गुरु रविदास आश्रम से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में संत गुरु रविदास जी के जीवन से आधारित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
इनमें मीरा बाई को दीक्षा देने व कठौती में गंगा के दर्शन कराने की झांकियां विशेष रूप से सराही गईं। इसके साथ ही संत कबीरदास और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रेरणादायक झांकियां भी प्रदर्शित की गईं।
शोभायात्रा को गुरु रविदास आश्रम से महंत बालकदास ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर गुरु रविदास महासभा के प्रधान बाबूलाल नारनौलिया भी उपस्थित रहे। शोभायात्रा में अखाड़ा, डीजे, बैंड, बग्गी, हंस और कैलाश नाथ सुपर हिट बीन पार्टी झज्जर आकर्षण का केंद्र रहे।
शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी जहां विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा व स्वागत किया गया। मौहल्ला मार्कशीद स्थित रविदास आश्रम में भी महंत बालकदास का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। इस दौरान सभा के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे।