लॉकडाउन के चलते बंद प्राइमरी स्कूल वीरवार को 137 दिनों बाद खुल गए हैं। खंड में पहले दिन ही बारिश की वजह से मात्र 8.10 प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। खंड में कुल 186 स्कूल में कुल 11491 विद्यार्थियों में से मात्र 931 विद्यार्थी स्कूलों में पहुंचे।
बता दें कि अप्रैल माह की शुरुआत में कोरोना संक्रमण दोबारा से बढ़ना शुरू हो गया था। इस वजह से सरकार ने 16 अप्रैल से प्रदेश के सभी स्कूलों को बंद कर दिया था। सरकार ने 6 से 12 तक स्कूल पहले खोल दिए थे। वीरवार को चौथी से पांचवीं तक स्कूल खोले गए हैं। खंड के प्राइमरी स्कूलों में कक्षा चौथी कुल 5618 विद्यार्थियों में से मात्र 456 विद्यार्थी तथा कक्षा पांचवीं के कुल 5873 विद्यार्थियों में से मात्र 475 विद्यार्थी उपस्थित हुए। बहुत से स्कूलों में तो बच्चे बारिश की वजह से पहुंच ही नहीं पाए। अध्यापकों ने विद्यार्थियों से सहमति पत्र लेने के बाद ही स्कूल में आने की अनुमति दी।