पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में लक्ष्या और वर्षा प्रथम
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। यदुवंशी शिक्षा निकेतन के प्रांगण में कारगिल विजयी दिवस के उपलक्ष्य में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मिडिल हेड चंद्रपाल ने बताया कि कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। विद्यार्थियों ने पहाड़, तोप, सैनिक व कारगिल पर विभिन्न चित्रकारी उकेर कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं से लक्ष्या व वर्षा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा छठी से अनिमेष, मिशु, नैनसी, अश्मी, सुखमान ने द्वितीय व नन्दिनी ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका ड्राइंग अध्यापक मुकेश वर्मा ने निभाई। यदुवंशी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एडवोकेट कर्ण सिंह यादव व प्राचार्य बाबूलाल यादव ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि देश भक्ति की भावना विद्यार्थियों में विद्यार्थी जीवन से ही आती है। हमें अपने शहीदों का सम्मान करना चाहिए।