नारनौल। जिलास्तरीय खेल प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 800 खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। जिला स्तर पर विभिन्न खेलों में 400 पुरुष व 400 महिला खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
शिक्षा विभाग के एईओ विक्रम सिंह यादव ने बताया कि राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता 18 अगस्त से शुरू होगी। इसमें 33 खेलों के विभिन्न मुकाबलों का आयोजन 6 चरणों में होगा।
प्रथम चरण में लॉन टेनिस, शूटिंग , वेटलिफ्टिंग, मुक्केबाजी , एथलेटिक्स , फुटबॉल, वू-शू , तैराकी, सॉफ्टबॉल, कुश्ती के मुकाबलों का आयोजन 18 अगस्त से 20 अगस्त तक होगा। द्वितीय चरण में जिम्नास्टिक , तैराकी , वेटलिफ्टिंग, क्रिकेट, बैडमिंटन, टेबल टेनिस 22 से 24 अगस्त तक, तृतीय चरण में वॉलीबॉल , तीरंदाजी, हैंडबॉल मुकाबले 28 से 30 अगस्त तक होंगे।
चतुर्थ चरण में हॉकी, स्क्वैश, फुटबॉल, तीरंदाजी, मुक्केबाजी 4 से 6 सितंबर तक, पांचवें चरण में ताइक्वांडो, कबड्डी 10 से 12 सितंबर तक और छठे चरण में योग, नेटबॉल, बास्केटबॉल का आयोजन 16 से 18 सितंबर तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उम्मीद है एक माह तक चलने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ी अनेक पदक जीत कर जिले का नाम रोशन करेंगे।