फोटो संख्या:-67 नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ का भवन। संवाद
महेंद्रगढ़। नागरिक अस्पताल में पिछले दो माह में छोटे-बड़े 100 ऑपरेशन किए गए हैं। इनमें हार्निया, पथरी, रसोली और विभिन्न प्रकार की गांठों के ऑपरेशन शामिल हैं। पहले इन बीमारियों के उपचार के लिए मरीजों को निजी अस्पतालों या बड़े शहरों में जाना पड़ता था। अब यह सुविधा नागरिक अस्पताल में ही उपलब्ध होने से मरीजों को राहत मिली है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार ऑपरेशन आधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में किए जा रहे हैं। ऑपरेशन के बाद मरीजों को आवश्यक दवाइयां, निगरानी और देखभाल भी अस्पताल में ही उपलब्ध कराई जा रही है। इससे क्षेत्र के लोगों का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा बढ़ा है।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी इसका सीधा लाभ मिल रहा है, उन्हें निजी अस्पतालों में अधिक खर्च नहीं करना पड़ रहा।
सर्जन संदीप ने बताया कि अस्पताल में नियमित रूप से सर्जरी की सुविधा मिलने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीज भी बड़ी संख्या में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। अस्पताल में ऑपरेशन के लिए आवश्यक सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है, जिससे भविष्य में और अधिक मरीजों को लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि हार्निया, पथरी, रसोली और गांठ के ऑपरेशन प्रमुख रहे। सभी ऑपरेशन निर्धारित मानकों के अनुसार किए जा रहे हैं और मरीजों के स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रखी जाती है।
वर्जन:
नागरिक अस्पताल में सर्जरी संबंधी सुविधाएं पहले की तुलना में काफी मजबूत हुई हैं। योग्य चिकित्सकों की उपलब्धता के कारण अब अधिकांश सामान्य ऑपरेशन अस्पताल में ही किए जा रहे हैं।-जयप्रकाश, एसएमओ, नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़।