नारनौल। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर सोनीपत जिले के गांव नाहरा से वेबकास्टिंग के जरिए जिला महेंद्रगढ़ के चार अमृत सरोवर सहित प्रदेश के 111 अमृत सरोवर मिशन की शुरुआत की।
जिला महेंद्रगढ़ में विकास एवं पंचायत विभाग तथा हरियाणा तालाब एवं अपशिष्ट जल प्राधिकरण द्वारा अमृत सरोवर मिशन के तहत गांव सतनाली, धनौंदा, घाटाशेर व मंडलाना में एक-एक को विकसित करने का कार्यक्रम शुरू हुआ। इन सभी कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण हुआ। गांव मंडलाना में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव, सतनाली में उपायुक्त श्याम लाल पूनिया, धनौंदा में अटेली के विधायक सीताराम यादव तथा घाटाशेर में नांगल चौधरी के विधायक डॉ. अभय सिंह यादव ने इस कार्य का मुख्य अतिथि के तौर पर शुभारंभ किया। जिले में पहले फेज में कुल 75 अमृत सरोवर तैयार किए जाएंगे। इन सभी पर 15 अगस्त तक कार्य शुरू हो जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में आकर्षण का केंद्र होंगे तालाब
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव ने कहा कि अमृत सरोवर योजना से आने वाले समय में ग्रामीण क्षेत्रों में तालाब आकर्षण का केंद्र होंगे। राज्यमंत्री रविवार को मंडलाना में 35.97 लाख की लागत से तैयार होने वाले अमृत सरोवर के कार्य के शुभारंभ अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। वहीं राज्य स्तर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोनीपत जिले की नाहरा गांव से अमृत सरोवर मिशन का वेबकास्टिंग के जरिए शुभारंभ किया। राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार की यह योजना पूरे प्रदेश के लिए बहुत कारगर सिद्ध होगी। इस योजना से जिन क्षेत्रों में तालाब ओवरफ्लो होते हैं उनका भी समाधान है और जहां पर तालाब सूखे पड़े हैं उनका भी समाधान है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे प्रशासन के अधिकारियों के साथ मिलकर इस कार्य को सिरे चढ़ाए। इस काम में सभी लोगों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिला महेंद्रगढ़ में 75 अमृत सरोवर बनाए जाएंगे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री ने बताया कि मंडलाना में इस तालाब से सिंचाई के लिए यहां पर बनने वाले पंप हाउस से लेकर खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए 2500 फीट लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएंगी। इसके अलावा गांव से जोहड़ तक गंदा पानी लाने के लिए 2500 फिट नाला बनाया जाएगा।
विकास एवं पंचायत विभाग तथा हरियाणा तालाब एवं अपशिष्ट जल प्राधिकरण की ओर से इस तालाब की शुरुआत में वेटलैंड बनाई जाएगी। इसके साथ ही सेडिमेंटेशन चेंबर भी बनाया जाएगा जिसमें गंदगी वहीं पर रुक कर आगे साफ पानी जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया, एसडीएम नारनौल मनोज कुमार, बीडीपीओ प्रमोद कुमार, सोमेश, बलजीत सिंह, संदीप, एनआईसी से हरीश शर्मा व राजकुमार, बजरंग लाल अग्रवाल, मदन लाल गोगिया, रोहतास, सुमेर सिंह, राजवीर व जसवंत सिंह, प्रभाकर प्रभाकर आदि मौजूद रहे।