फोटो 23 ढाणी कोजिंदा में निर्माण कार्यों का विधिवत शुभारंभ करते विधायक ओमप्रकाश यादव व च
नारनौल। वार्ड नंबर 12 स्थित ढाणी कोजिंदा में जल निकासी के लिए पाइपलाइन और नई सड़क के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस पर करीब 69 लाख खर्च होंगे। पाइप लाइन पर 40.69 लाख और सड़क निर्माण पर 28.27 लाख रुपये खर्च होंगे।
इस विकास परियोजना का उद्घाटन मुख्य अतिथि नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव तथा नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी की अध्यक्षता में नारियल फोड़कर किया गया। इस परियोजना के तहत क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए पानी निकासी के लिए पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
साथ ही आवागमन को सुगम बनाने के लिए पक्की सड़क का निर्माण किया जाएगा। यह रोड न केवल ढाणी कोजिंदा बल्कि आसपास के क्षेत्र के लिए एक लिंक रोड के रूप में कार्य करेगी।
नई पाइपलाइन से क्षेत्र के निवासियों को जलभराव और गंदगी की समस्या से स्थाई मुक्ति मिलेगी। इस अवसर पर डीएमसी रणबीर सिंह, नगर पार्षद सिकंदर कुमार, कार्यकारी अभियंता मोनिका शर्मा, पालिका अभियंता सोहन सिंह, कनिष्ठ अभियंता रेणु व पवन रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरपर्सन कमलेश सैनी ने कहा कि शहर के हर वार्ड और ढाणी तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।