एससी-एसटी कानून में किए गए संशोधन के विरोध मेें किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। रामपाल दास के अनुयायियों ने एससी-एसटी कानून में किए गए संशोधन के विरोध में बुधवार को शहर में प्रदर्शन कर रोष जताया। प्रदर्शनकारी सबसे पहले शहर के नेताजी सुभाषचंद्र बोस पार्क में एकत्रित हुए। इसके बाद महावीर चौक पर पहुंचकर विरोध किया। इसके बाद महेंद्रगढ़ रोड होते हुए लघु सचिवालय पहुंचे और उपायुक्त की अनुपस्थिति में एसडीएम जगदीश शर्मा को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंप कर एससी/एसटी कानून में किए गए संशोधन को वापस लेने की मांग की। संशोधन को रद्द न करने की स्थिति में आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी। एसडीएम ने उनका ज्ञापन प्रधानमंत्री को प्रेषित करवाने का आश्वासन दिया।
नेताजी सुभाषचंद्र बोस पार्क में सर्व अनुसूचित जाति संघर्ष समिति के जिला प्रधान भागीरथमल ने कहा कि रामपाल दास के भारत में 90 लाख अनुयायी हैं। इनमें 69 प्रतिशत अनुयायी एससी/एसटी से संबंध रखते हैं। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा कानून संशोधन से यह एक्ट कमजोर हुआ है। इसके खिलाफ पूरे देश में संत रामपाल के अनुयायी प्रदर्शन कर उपायुक्त के मार्फत प्रधानमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर इस संशोधन को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। इस मौके पर बिरदीचंद गोठवाल, लालाराम नाहर, जसवंत भाटी, अशोक दास नारनौलिया, धनबीर सिंह, प्रहलाद सिंह, हरिराम, अमित, अशोक, विक्रम सिंह, महावीर सिंह, शकुंतला, सुधा, रुकमणी, गायत्री, नेहा, ज्योति, सुनीता, मीरा, सुमन, संतोष, सुमित्रा, पिंकी, कोकल, अंजू, कीर्ति, पूजा, कौशल्या, मंजू, नीतू, रामकला, अदिति,नीशू, प्रियंका व सरिता आदि मौजूद रहे।