नारनौल। युवाओं को नशे से बचाने की मुहिम के तहत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा साइक्लोथॉन-2.0 को हरी झंडी दिखाकर हिसार से रवाना किया गया था। यात्रा 7 अप्रैल को गांव बाघोत पहुंचेगी।
उपायुक्त डॉ. विवेक भारती सहित अन्य अधिकारी साइकिलिस्ट का फूल मालाओं से स्वागत करेंगे। विधायक कंवर सिंह यादव भी मौजूद रहेंगे। वहीं 8 अप्रैल को नारनौल स्थित आईटीआई मैदान से विधायक ओम प्रकाश यादव यात्रा को रवाना करेंगे। एक साइकिल यात्रा नशामुक्ति के नाम थीम पर आधारित साइक्लोथॉन यात्रा को लेकर जिला महेंद्रगढ़ के लोगों में उत्साह है।
जिले में करीब 47000 लोगों ने रैली में शामिल होने के लिए पंजीकरण करवाया है। रैली में भाग लेने के लिए पंजीकरण करवाने में जिला महेंद्रगढ़ प्रदेश भर में प्रथम स्थान पर है। वहीं दूसरे स्थान पर हिसार है। जहां करीब 43551 लोगों ने पंजीकरण करवाया था। उपायुक्त डॉ विवेक भारती ने बताया कि रैली में शामिल होने के लिए आमजन uday.haryana.gov.in/AntiDrug_Cyclothon वेबसाइट पर पंजीकरण कर सकते हैं। -
साइक्लोथॉन-2.0 का रूट चार्ट
उपायुक्त डॉ विवेक भारती ने बताया कि 7 अप्रैल को साइक्लोथॉन-2.0 जिला चरखी दादरी के गांव चिड़िया से जिला महेंद्रगढ़ के गांव बाघोत में प्रवेश करेगी। यात्रा बाघोत से सेहलंग, मालड़ा, माजरा कला, माजरा खुर्द, महेंद्रगढ़, नांगल सिरोही व हुडिना से नारनौल में संपन्न होगी। अगले दिन 8 अप्रैल को सुबह आईटीआई नारनौल से बाछौद, खोड, सलीमपुर, चंदपुरा गांव से होते हुए रेवाड़ी जिले में प्रवेश करेगी।