महेंद्रगढ़। क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार को लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में 43 नागरिकों ने शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखी।
अधिकांश का मौके पर ही निपटारा किया गया। शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। एक छात्रा ने निजी कॉलेज पर दस्तावेज न देने की शिकायत की। इस पर उपायुक्त ने संबंधित कॉलेज से दस्तावेज मंगवाए और मौके पर ही छात्रा को सौंप दिए।
शिविर में आने वाले लोगों की सहूलियत के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई, जहां अनपढ़ नागरिकों की शिकायतें लिखने की विशेष व्यवस्था की गई। हरियाणा बोर्ड की परीक्षाओं में नकल पर सख्ती को लेकर उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने कहा कि प्रशासन लगातार निरीक्षण कर रहा है। कुछ स्थानों से नकल के मामले सामने आए हैं। पुलिस अधीक्षक स्वयं फील्ड में निगरानी रख रही है। मंगलवार को उपायुक्त ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण भी किया।
इंसेट- अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, वाहनों को किया गया जब्त
उपायुक्त ने कहा कि जिले में अवैध खनन की शिकायतों पर सख्त कदम उठाए जाए रहे हैं। इस समस्या से निपटने के लिए इंटर डिपार्टमेंटल कमेटी गठित की गई है। इसमें खनन विभाग, वन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और संबंधित उपमंडल अधिकारी शामिल हैं। उपमंडल अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित रूप से मौके पर जाकर जांच करें। पिछले दो सप्ताह के दौरान अनेक वाहनों की जांच की गई। अवैध रूप से खनन करते पाए गए वाहनों को जब्त कर भारी जुर्माना भी लगाया गया है। अवैध खनन की निगरानी के लिए पंचकूला से एक विशेष टीम भी महेंद्रगढ़ पहुंची है, जो इस मामले में गहन जांच कर रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि खनन माफियाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। समाधान शिविर में एसडीएम अनिल कुमार यादव, नायब तहसीलदार निशा तंवर, नगर पालिका सचिव प्रशांत पराशर सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।