अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। गांव कोथल खुर्द के ग्रामीण सोमवार को विद्युत निगम कार्यालय महेंद्रगढ़ पहुंचकर प्रदर्शन किया। एक्सईएन लगभग आधे घंटे तक कार्यालय से बाहर नहीं आए तो ग्रामीण एक्सईएन कक्ष में पहुंच गए और उन्हें जमकर सुनाई। इसके बाद एक्सईएन ने एसडीओ और लाइनमैन को बिजली समस्या जल्द से जल्द दुरस्त करवाने के आदेश दिए। साथ ही बिजली आपूर्ति के प्रतिदिन घंटे बढ़ाने का आश्वासन भी दिया। कोथल खुर्द के सरपंच परमजीत, कृष्ण कुमार, महिपाल, बलवान सिंह, बुधराम आदि ने बताया कि उनके गांव की बिजली भालखी फीडर से जुड़ी है, जबकि उनका पॉवर हाउस मुंडिया खेड़ा है। पिछले 15 दिनों से उनकी गांव में बिजली की समस्या है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में 48 घंटों में लगभग 35 मिनट ही लाइट आ रही है। ऐसे में किसानों की फसलों को भी नुकसान हो रहा है। बिजल आपूर्ति नहीं होने के कारण गांव में पेयजल समस्या भी बनी हुई है।
ग्रामीणों ने एक्सईएन से गांव में ही एक शिकायत रजिस्टर रखवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि गांव में एक शिकायत रजिस्टर रखवाया जाए ताकि उन्हें शिकायत दर्ज करने के लिए दौंगड़ा नहीं जाना पड़े। किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। इस अवसर पर सुभाष, लालचंद, राजेश कुमार सहित गांव के अनेक किसान उपस्थित थे।
गांव में बिजली आपूर्ति जल्द सुचारु करवा दी जाएगी। साथ बिजली आपूर्ति के घंटे भी बढ़वा दिए जाएंगे। आगे ग्रामीणों को बिजली संबधित किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
-एक्सईएन जेपी दहिया।