महेंद्रगढ़/नारनौल। राजस्व विभाग के नए पोर्टल में लगातार आ रही तकनीकी खामियों और बार-बार बदलते इंटरफेस के विरोध में जिले के 216 पटवारी वीरवार से दो दिवसीय हड़ताल पर चले गए। पटवारियों के काम बंद रखने से जिले में करीब 1400 फाइलों पर काम प्रभावित हुआ। राजस्व से जुड़े काम कराने पहुंचे कई लोग बिना काम कराए वापस लौट गए।
हड़ताल के कारण महेंद्रगढ़ जिले में 400 से अधिक इंतकाल लंबित हो गए हैं। इसके चलते कई रजिस्ट्रियां भी नहीं हो सकीं। करीब एक हजार नकल के मामलों का काम भी अटक गया। तहसील कार्यालय में वीरवार को 25 रजिस्ट्री, 50 इंतकाल और 100 नकल से जुड़े कार्य नहीं हो पाए। इसके अलावा रिहायशी प्रमाण पत्रों के सत्यापन का काम भी प्रभावित रहा।
दी रेवेन्यू पटवारी एसोसिएशन के जिला प्रधान सुनील तंवर ने बताया कि 22 मई को नया रेवेन्यू पोर्टल शुरू किया गया था। इसके बाद करीब तीन से चार बार इसका इंटरफेस बदला जा चुका है। उन्होंने कहा कि पोर्टल की तकनीकी खामियों के कारण इंतकाल दर्ज होने के बाद कई मामलों में किसानों के नाम, जमीन का रकबा और हिस्सेदारी जैसी जरूरी जानकारी गायब होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रक्रिया पर भी सवाल
सुनील तंवर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रक्रिया को भी व्यावहारिक बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि 20 मीटर की जियो-फेंसिंग के अंदर जाकर फोटो लेना और बार-बार फेस ऑथेंटिकेशन करना मुश्किल है। इससे एक कर्मचारी दिनभर में केवल 20 से 35 खसरों का ही सर्वे कर पाता है। उन्होंने जियो-फेंसिंग की सीमा 20 मीटर से बढ़ाकर कम से कम 150 मीटर करने की मांग की। साथ ही सर्वे के लिए निजी सर्वेयरों को मौका देने की मांग भी रखी।
मैं अपनी जमीन की नकल लेने के लिए दो दिन से चक्कर लगा रहा हूं। वीरवार को पटवारियों की हड़ताल के कारण नकल नहीं मिल सकी। अब सोमवार को ही पता चलेगा कि पटवारी हड़ताल जारी रखेंगे या काम पर लौटेंगे।
-सुरेश, धौली
-
मैं इंतकाल करवाने के लिए एक सप्ताह से चक्कर लगा रहा हूँ। ऑनलाइन पोर्टल की धीमी गति के कारण घंटों इंतजार के बाद भी काम नहीं हो पाता। अब पटवारियों की दो दिन की हड़ताल से परेशानी बढ़ गई है। सोमवार को स्थिति स्पष्ट होगी।
-रमेश कुमार, पालड़ी पनिहारा
फोटो संख्या:65- पटवारी हड़ताल पर होने के कारण खाली तहसील कार्यालय--संवाद
फोटो संख्या:65- पटवारी हड़ताल पर होने के कारण खाली तहसील कार्यालय--संवाद
फोटो संख्या:65- पटवारी हड़ताल पर होने के कारण खाली तहसील कार्यालय--संवाद