महेंद्रगढ़। क्षेत्र के पांच गांवों में लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती की समस्या समाप्त होने की उम्मीद है। गांव डालनवास में 33 केवी के नए बिजली सब-स्टेशन को मंजूरी मिल गई है। इससे करीब 20 हजार की आबादी और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने इस परियोजना को स्वीकृति दे दी है। वर्तमान में गांव बारड़ा स्थित 33 केवी पावर हाउस से बारड़ा, डिगरोता, डालनवास, गादड़वास और माधोगढ़ में बिजली आपूर्ति होती है।
लंबी बिजली लाइनों के कारण किसी एक स्थान पर फाल्ट आने से सभी गांवों की सप्लाई बाधित हो जाती है। इससे ग्रामीणों और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेषकर गर्मी और सिंचाई के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है।
नए सब-स्टेशन के निर्माण के बाद डालनवास और आसपास के गांवों को सतनाली स्थित 132 केवी फीडर से सीधे बिजली आपूर्ति मिलेगी। इसके लिए नई लाइन भी बिछाई जाएगी जिससे बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और सुचारु हो सकेगी। मई में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करने की योजना है।
विकास एवं निगरानी समिति के सदस्य संदीप मालड़ा ने बताया कि इस समस्या को ग्रामीणों और पंचायतों ने सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह के समक्ष उठाया था। ग्राम पंचायत डालनवास ने सब-स्टेशन के लिए जमीन भी उपलब्ध करवाई है।
बॉक्स
इन गांवों मेंलो वोल्टेज के कारण किसानों की मोटरें जल जाती हैं। वर्षों से इस समस्या के समाधान के लिए धरना-प्रदर्शन कर मांग उठाई जा रही थी। अब उम्मीद है कि जल्द ही यह योजना सिरे चढ़ेगी। -सुरेंद्र पंच, गांव डालनवास
बॉक्स
बारड़ा पावर हाउस ओवरलोड होने से बार-बार सप्लाई बाधित रहती है। ओवरलोड के कारण गांव बारड़ा स्थित पावर हाउस पर अत्याधिक लोड होने से उपकरण भी जवाब दे रहे थे। किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से फसलें भी खराब हो रही हैं। -ओमबीर, पूर्व सरपंच ग्राम पंचायत डालनवास