महेंद्रगढ़। शहर के मोहल्ला नया खटीकान वार्ड नंबर 11 को 148 बी स्टेट हाईवे से जोड़ने वाले 300 मीटर सड़क मार्ग का काम छह माह से अटका पड़ा है लेकिन नगर पालिका इस मार्ग पर ध्यान नहीं दे रही है। यह सड़क शहर के बीच से स्टेट हाईवे तक जाती है। निर्माण कार्य पूरा करने की मांग लोगों ने कई बार की लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। जबकि प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं।
शहर के 11 हट्टा बाजार से स्टेट हाईवे तक करीब एक किलोमीटर सड़क मार्ग पर छह माह पूर्व काम शुरू हुआ था लेकिन जिम्मेदारों ने दो चरण में 600 मीटर सड़क का निर्माण तो पूरा कर दिया लेकिन 300 मीटर का यह टुकड़ा नहीं बन पाया है। 11 हट्टा बाजार से वाल्मीकि मंदिर तक सड़क जर्जर अवस्था में है। जगह-जगह पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इस मार्ग के बनने के बाद सतनाली चौक व परशुराम चौक पर लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी। इस मार्ग से डुलाना, देवास, खायरा, पायगा, खातोद, चामधेड़ा, सहित अनेक मोहल्लों के लोगों का आवागमन है। गहरे गड्ढे होने के कारण बाइक का संतुलन बिगड़कर बाइक सवार आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं। मुख्य बाजार से यह मार्ग तीन चरणों में बनना था लेकिन दो चरण का काम पूरा हो गया था जबकि तीसरे चरण में 300 मीटर मार्ग का लंबे समय से काम अटका पड़ा है।
इस मार्ग के निर्माण के लिए टेंडर हो चुके हैं। यह मार्ग तारकोल से बनाया जाएगा। तीन चरण में बनने वाले इस मार्ग पर दो चरण का काम पूरा हो चुका है। इसकी पुन: जांच कराने के बाद शीघ्र ही काम शुरू किया जाएगा।- योगेश राठी, एमई नगरपालिका महेंद्रगढ़