अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक ने नगरपालिका जेई कृष्ण कुमार सैनी को सस्पेंड कर दिया गया है। उनके सस्पेंड का कारण पालिका चेयरपर्सन द्वारा भेजी गई शिकायतें बताई जा रही है। गौरतलब है कि नगर पालिका चेयरपर्सन रीना गर्ग और नपा कनिष्ठ अभियंता कृष्ण कुमार सैनी के बीच लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा है। कुछ दिन पूर्व कृष्ण कुमार ने नपा चेयरपर्सन के पार्षद पति सुरेंद्र उर्फ बंटी के खिलाफ एसडीएम को शिकायत दी थी।
एसडीएम ने शिकायत को थाना प्रभारी महेंद्रगढ़ के नाम रेफर कर दिया था। उक्त शिकायत पर पुलिस ने नपा पार्षद सुरेंद्र बंटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। वहीं, इससे पूर्व नगरपालिका चेयरपर्सन ने जेई द्वारा रात्रि 11 बजे पालिका से बाहर चिह्नित करके पांच नक्शे, जिनमें से एक नक्शा उसका खुद का था, ऑनलाइन करके भ्रष्टाचार फैलाने की शिकायत उच्च अधिकारियों को की गई थी। इसके साथ ही केशव की तरफ से भी शिकायत थी कि जेई और रोहित सैनी ने उससे रिश्वत मांगी। इसकी जांच अभी डीसी के पास निदेशालय के आदेश से लंबित है। नपा जेई की बार-बार निदेशालय में शिकायत जाने के बाद गुरुवार निदेशक ने उन्हें सस्पेंड कर दिया।