रिसॉर्ट मालिक की पत्नी के बीस लाख के कीमती गहने उनके ही नौकर दंपती ने चुराए थे। पुलिस ने 48 घंटे में चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया। आरोपियों की निशानदेही पर रिसॉर्ट स्थित उनके कमरे से सारे जेवर भी बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी दंपती को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
रेवाड़ी रोड स्थित नरूला विलेज रिसॉर्ट के मालिक सम्राट नरूला की पत्नी मीरा नरूला ने 25 जुलाई को गहने चोरी होने की पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके कमरे में अलमारी में एक पर्स में जेवरों का पर्स रखा था। रविवार को वह रिसॉर्ट के काम में व्यस्त थीं। दोपहर एक बजे वह अपने कमरे में पहुंची तो देखा कि अलमारी का दरवाजा थोड़ा खुला है। शक होने पर उन्होंने पर्स देखा तो उसमें रखा गहनों का बैग गायब था। पुलिस ने मौके का मुआयना कर हालात का जायजा लिया तो शक की सुई नरूला के नौकरों पर ही टिक गई। क्योंकि मीरा नरूला ने पुलिस को बताया था कि नौकर दंपजर ही कमरे के अंदर तक साफ-सफाई करने जाते हैं। नौकर दंपती को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने सच उगल दिया। पुलिस ने उनके पास से गहने भी बरामद कर लिए।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के निवासी रंजीत और उसकी पत्नी नरूला विलेज रिसॉर्ट में काफी समय से काम करते थे। घर के अंदर आते-जाते उन्होंने वहां रखे कीमती सामान का भी जायजा ले लिया था। रविवार को सफाई करते समय वहां कोई मौजूद नहीं था। इसका फायदा उठाते हुए उन्होंने नरूला के पर्स से गहनों का बैग निकाल लिया। बाद में वे गहने अपने कमरे में छिपा दिए थे।
25 जुलाई को नरूला विलेज रिसॉर्ट में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने वहीं काम करने वाले रंजीत और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब बीस लाख रुपये के गहने बरामद किए गए हैं। चोरी किए आभूषणों में पांच जोड़ी सोने और हीरे के कान में पहनने वाले टॉप्स, दो सोने की चेन, सोने-हीरे की तीन अंगूठी, एक सोने का ब्रेसलेट और सोने और हीरे के दो पैंडल के अलावा कई और जेवर थे। -चंद्रमोहन, एसपी।