रेवाड़ी के मीरपुर स्थित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय से संबद्ध राजकीय महाविद्यालय सतनाली में इस बार आर्टस में निर्धारित सीटों से तीन गुना से भी ज्यादा खिलाड़ियों ने दाखिले के लिए आवेदन कर चुके हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि सोमवार शाम तक कॉलेज की कुल 640 सीटों के लिए 1837 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें सबसे अधिक बीए की 380 सीटों के लिए अब तक 1471 विद्यार्थियों ने आवेदन किए है जबकि बीएससी नॉन मेडिकल की 120 सीटों के लिए दोगुने से अधिक 250 आवेदन, बीएससी मेडिकल की 60 सीटों के लिए 59 आवेदन और बीकॉम की 80 सीटों के लिए 57 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
एडमिशन नोडल ऑफिसर अनिल कुमार ने बताया कि सतनाली कॉलेज में अब तक कुल 1837 आवेदन आ चुके हैं। उन्होंने बताया कि आवेदनों की वेरिफिकेशन का काम तेजी से जारी है और 824 आवेदन वेरिफाई किए जा चुके हैं। इंचार्ज डॉ. सुधीर लांबा ने बताया कि 8 सितंबर तक आवेदनों के सत्यापन का काम होगा। उन्होंने बताया कि इस बार दो मेरिट सूची जारी की जाएगी। पहली मेरिट सूची 11 सितंबर को जारी की जाएगी जिसमें स्थान पाने वाले विद्यार्थी 11 से 15 सितंबर तक फीस जमा करवा सकते हैं। दूसरी मेरिट सूची 17 सितंबर को जारी होगी जिसमें स्थान पाने वाले विद्यार्थी 17 से 20 सितंबर तक फीस जमा करवा सकते हैं। कॉलेज के प्रो. विरेंद्र सिंह, अजीत सिंह ने बताया कि इसके बाद रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए 22 सितंबर से ओपन काउंसलिंग होगी।