अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। नांगल चौधरी रोड स्थित अनाज व चारा मंडी में बने मार्केट कमेटी नारनौल के कोल्ड स्टोर कम पैक हाउस को लीज पर लेेने वाली गुरुग्राम की फर्म विभाग को किराए का भुगतान नहीं कर रहा थी, जिस पर वीरवार को तहसीलदार योगेश कुमार ने बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट कोल्ड स्टोर का ताला तुड़वाकर इसे विभाग को सुपुर्द किया।
गुरुग्राम की फर्म द्वारा यह कोल्ड स्टोर वर्ष 2015 में लीज पर लिया गया था। इसके बाद से ही फर्म द्वारा विभाग में रेगुलर रूप से किराया जमा नहीं करवाया। इस प्रकार अधिकारियों द्वारा जीएसटी व ब्याज आदि लगाकर फर्म की तरफ कुल 21 लाख रुपये होने की बात कही गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार फर्म द्वारा समय पर किराया नहीं जमा करवाने पर कई बार पत्राचार कर जवाब मांगा गया। फर्म द्वारा जवाब नहीं आने पर आखिर में विभाग द्वारा फर्म को लीगल नोटिस जारी किया गया। इसके बाद विभाग ने कोल्ड स्टोर को टेकओवर करने की प्रक्रिया शुरू की।
मार्केट कमेटी के चेयरमैन जेपी सैनी व सचिव अशोक यादव ने बताया कि कमेटी द्वारा 24 सितंबर 2014 को वभाराम फर्म फ्रेश प्राइवेट लिमिटेड के साथ उस समय नवनिर्मित कोल्ड स्टोर कम पैक हाउस को लीज पर देने का एग्रीमेंट किया गया था। जिसका किराया 36 हजार रुपये प्रतिमाह विभाग व फर्म के बीच एग्रीमेंट में तय किया गया था। डीड एग्रीमेंट की शर्तों के अनुसार फर्म द्वारा तीन माह के किराये की बैक गारंटी देने के बाद विभाग ने वभाराम फार्म फ्रेश प्राइवेट लिमिटेड को 18 अगस्त 2015 को कोल्ड स्टोर कम पैक हाउस हैंड ओवर कर दिया था।
कमेटी सचिव ने बताया कि जब फर्म ने कोल्ड स्टोर का किराया समय पर नहीं जमा करवाया तो विभाग की तरफ से कई पत्र लिखे गए। जिस पर फर्म के मालिक ने मार्केट कमेटी के ऑफिस में आकर एक बार तो बाकी किराये में से कुछ महीनों का किराया जमा करवा दिया और बाकी का शीघ्र चुकाने का आश्वासन दिया था। जब फर्म ने आश्वासन के अनुसार भी किराया नहीं जमा करवाया तो फिर पत्राचार किया गया। लीगल नोटिस के बाद भी फर्म ने कोल्ड स्टोर का किराया मार्केट कमेटी में जमा नहीं करवाया तो विभाग ने इसे वापस टेकओवर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
तहसीलदार ने ताला तुड़वाकर किया विभाग को सुपुर्द
कोल्ड स्टोर कम पैक हाउस की कब्जा कार्रवाई में जिला प्रशासन की तरफ से तहसीलदार योगेश कुमार बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के दिशा निर्देशों पर कोल्ड स्टोर परिसर व मुख्य गेट के ताले तोड़े गए। मार्केट कमेटी नारनौल के सचिव अशोक यादव, मार्केटिंग बोर्ड के जिला इंफोर्समेंट अधिकारी राजकुमार, रोहतक से आये मार्केटिंग बोर्ड के इलेक्ट्रिक विंग के एसडीओ अनूप कुमार, हिसार से मार्केटिंग बोर्ड के कंस्ट्रेक्शन विंग के एसडीओ अनिल कुमार व जेई महीपाल को कोल्ड स्टोर कम पैक हाउस में रखे जरनेटर व अन्य मशीनों का निरीक्षण करवाकर कोल्ड स्टोर पर कमेटी के ताले लगवार उनके सुपुर्द करवा दिया।
बकाया किराए की वसूली हेतु करेंगे केस फाइल
चेयरमैन जेपी सैनी ने बताया कि फर्म की तरफ करीब साढ़े 21 लाख रुपये बाकी है। इस बकाया किराए की वसूली के लिए विभाग द्वारा लीगल एडवाइजरों से राय लेकर रिकवरी केस फाइल किया जाएगा।