अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। करीब तीन महीने पहले जुलाई माह में अनिल एंड कंपनी ऑयल मिल के मुनीम से 12 लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी धर्मेंद्र ने रिमांड के दौरान लूट में शामिल पांच लोगों के नाम बताए। आरोपी धर्मेंद्र ने बताया कि लूट का मास्टर माइंड झज्जर जिले के झाड़ली का निवासी मोहन है जिसने लूट की पूरी प्लान तैयार की थी।
अनिल एंड कंपनी ऑयल मिल के मुनीम मूलचंद से 9 जुलाई को बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर 12 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी झाड़ली निवासी धर्मेंद्र को गिरफ्तार किया। तीन दिन के रिमांड में धर्मेंद्र ने बताया कि लूट का प्लान झाड़ली निवासी मोहन ने बनाया था। रिमांड के दौरान आरोपी धर्मेंद्र की निशानदेही पर पुलिस ने लूट के 15 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
लूट में झाड़ली निवासी मोहन सिंह शर्मा, खरकड़ा बास निवासी राकेश गुर्जर, अनिल गुर्जर, ओमबीर गुर्जर , बागोत निवासी सोमबीर उर्फ कान्हड़ शामिल थे। लूट की वारदात को अंजाम देने से पहले मोहन ने पूरी रैकी की थी। मोहन ने इन सब को प्लान के तहत एकत्र कर समझाया कि जब मुनीम मूलचंद रुपये लेकर निकलेगा तब में अपनी मोटर साइकिल से उसके पीछे रहूंगा। बाइक का इंडीकेटर जलाकर इशारा कर दूंगा। इस योजना पर काम करते हुए मोहन ने अपने साथी ओमबीर उर्फ उमरी, राकेश, अनिल, सोमबीर के साथ मिलकर मुनीम की बाइक को रूकवाकर नकदी से भरा थैला पिस्तौल दिखाकर छीन लिया था। लूट के बाद सभी आरोपी दो अलग-अलग बाइक पर सवार होकर अटेली मार्ग होते हुए फरार हो गए थे।
पुलिस प्रवक्ता नरेश गहलोत ने बताया कि लूट के अन्य आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए महेंद्रगढ़ सीआईए की टीम काम कर रही है। अन्य पांचों आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों से लूट की रकम, वारदात में प्रयोग दोनों बाइक, पिस्तौल को भी बरामद कराया जाएगा।