अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। सिहोर में भूमि विवाद में युवक की हत्या के मामले में एक हत्यारोपी अजय कुमार ने सोमवार दोपहर के समय कनीना कोर्ट में सरेंडर किया था। इसके बाद आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया था। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी से निशानदेही करवाने के बाद हत्या में प्रयुक्त की गई लोहे की रॉड और ट्रैक्टर बरामद कर लिए हैं।
पुलिस ने दो दिन का पुलिस रिमांड मांगा था। कोर्ट ने एक दिन का पुलिस रिमांड दे दिया। आरोपी अजय को 31 अक्तूूबर को पुन: अदालत में पेश किया जाएगा। रिमांड के दौरान से हत्या के समय के हालात और उसमें शामिल सह आरोपियों के नामों के बारे में पूछा जाएगा। हत्या में शामिल अन्य आरोपी अभी तक फरार हैं। आरोपी ने कोर्ट के समक्ष विवेक की हत्या में शामिल रहने का जुर्म कबूल कर लिया। भूमि विवाद को लेकर हुए झगड़े में एक युवक की मौत को लेकर परिजनों में रोष व्याप्त है।
मृतक की पत्नी पूनम की ओर से दी गई शिकायत में बताया गया कि खेत में काम कर रहे उसके पति विवेक और प्रमोद पर दूसरे गुट के व्यक्ति सुरेंद्र, नरेश, अजय, विजय, मुनेष, बिल्लु ने लाठी-डंडो से हमला बोल दिया था। जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उपचार के दौरान रेवाड़ी के अस्पताल में विवेक की मौत हो गई। मृतक की पत्नी की शिकायत पर सुरेंद्र, नरेश, अजय, विजय, मुनेष, बिल्लू के खिलाफ हत्या और विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर किया था।