नांगल चौधरी में विद्यायक डॉ. अभय सिंह यादव विद्यार्थियों को टैब वितरित करते हुए।
- फोटो : Narnol
नारनौल। हरियाणा सरकार की ई-अधिगम योजना के तहत आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में जिला में वीरवार को सरकारी स्कूलों के 10वीं और 12वीं के 12500 विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रोहतक से वेबकास्टिंग के जरिये टैबलेट वितरण कार्यक्रम की शुरुआत की। इस सीधा प्रसारण किया गया।
महेंद्रगढ़ में आयोजित इन कार्यक्रमों में सभी खंडों में विभिन्न मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। नारनौल में राज्य मंत्री ओमप्रकाश यादव ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारनौल में हरियाणा सरकार की ई-अधिगम योजना के तहत 324 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। खंड स्तरीय टैबलेट वितरण समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि टैब वितरित करना शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति का स्वरूप है। कोविड के कारण बच्चों की पढ़ाई अत्यधिक प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि कोविड का सबसे अधिक प्रभाव शिक्षा व स्वास्थ्य पर पड़ा।
चंपा देवी राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अटेली में 110 विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए। राजकीय संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीना में दसवीं के 31 तथा 12वीं के 93, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नांगल चौधरी में दसवीं में 58 तथा 12वीं में 113, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारनौल में दसवीं में 120 तथा 12वीं में 204 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। सतनाली में हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम में दसवीं में 47 तथा 12वीं में 40 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। सभी कार्यक्रम स्थल पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी जिसके माध्यम से मुख्यमंत्री मनोहर लाल व शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।
नांगल चौधरी विधायक डॉ. अभय सिंह यादव ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नांगल चौधरी में 171 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए।
मंडी अटेली। एसडीएम मनोज कुमार ने चंपा देवी राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अटेली में हरियाणा सरकार की ई-अधिगम योजना के तहत 191 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। एसडीएम मनोज कुमार ने कहा कि आज के विद्यार्थी की शिक्षा केवल स्कूल से पूरी नहीं हो सकती है उनको डिजिटल के माध्यम से भी जुड़ना होगा। इस अवसर पर भाजपा जिला प्रधान राकेश शर्मा, विधायक के बेटे प्रवीण कुमार, डिप्टी डीईओ संतोष चौहान, बीईओ मदनलाल, स्कूल प्राचार्य किरण शर्मा, अध्यापक छत्रपाल, सुरेश देवी मौजूद रहे।