अमर उजाला ब्यूरो
नांगल चौधरी। कांग्रेसी नेता सत्यपाल दहिया ने शुक्रवार को लूजोता, नांगल दुर्गू, मेघोत बींजा, सैदअलीपुर, दोस्तपुर, दौंखेरा, भेडंटी आदि गांवों में जनसंपर्क ग्रामीणों को जनक्रांति रथ यात्रा में पहुंचने का न्योता दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार राजधर्म की मर्यादा भूल चुकी है। झूठ की राजनीति करके सत्ता का सुख भोग रही है। जिस कारण कर्मचारी, किसान, विद्यार्थी, व्यापारी, मजदूर वर्ग में असंतोष बढ़ गया। सीएम सीटी करनाल, चंडीगढ़ में पिछले चार साल से धरनों का दौर चल रहा है। जिस कारण आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आपराधिक ग्राफ बढ़ने से महिलाओं का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। कांग्रेस सरकार के शासन में नांगल चौधरी, निजामपुर के गांवों में नाबार्ड परियोजना के तहत कैनाल बेस्ड पानी की पाइप लाइन दबाई गई थी, लेकिन भाजपा सरकार पानी मुहैया कराने में विफल रही है। 12 अगस्त को महेंद्रगढ़ की जन क्रांति रैली में चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार की पोल खोलेंगे। इसके बाद 13 अगस्त को नांगल चौधरी हलके में उनकी रथ यात्रा पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि जनक्रांति यात्रा के बाद भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी।