फोटो संख्या:56- सरकारी खाद केंद्र पर यूरिया के लिए लगी किसानों की लंबी लाइन---संवाद
महेंद्रगढ़। शहर में स्थित सरकारी खाद केंद्र से सोमवार को 1000 बैग यूरिया वितरित की गई। शाम तक 212 किसानों को यूरिया बांटी गई। खाद के लिए किसान सुबह 9 बजे से ही कतार में लग गए थे।
शनिवार रात को ही यूरिया के 1000 बैग पहुंचे थे। सोमवार को केंद्र कमेटी की ओर से इसका वितरण किया गया। यूरिया के लिए सुबह से ही किसानों की लाइन लगने लगी। केंद्र पर किसी प्रकार का हंगामा नहीं हुआ। शांतिपूर्ण खाद का वितरण किया गया। दोपहर को भीड़ कम रही और सायं 4 बजे तक सभी बैग किसानों को वितरित किए गए।
केंद्र प्रबंधक कमेटी का दावा है कि अब जल्द ही यूरिया की दूसरी खेप आने की संभावना है। पहले से ही कमेटी ने 5000 बैग की मांग भेजी हुई है और अब पहली यूरिया खेप आते ही समाप्त हो गई। अब किसानों को यूरिया की सबसे अधिक आवश्यकता रहेगी और आने वाले समय में किसानों की मांग बढ़ने की संभावना है।
सोमवार को केंद्र पर 400 बैग डीएपी खाद शेष थी। शाम तक केंद्र पर किसानों ने डीएपी भी खरीदी। केंद्र पर 400 में से 32 बैग डीएपी के वितरित हुए। वहीं, शहर के खरीद केंद्र पर गेहूं के बीज के 600 बैग पहुंचे थे और सोमवार को 80 बैग वितरित किए गए। अब 520 बैग केंद्र पर शेष हैं। किसान बीज के लिए केंद्र पर आ सकते हैं।
वर्जन
यूरिया के लिए मांग भेजी गई है। यूरिया की पहली खेप भी शांतिपूर्वक वितरित की गई। जल्द ही दूसरी खेप आने की संभावना है। किसानों को खाद के लिए समस्या नहीं होगी। गेहूं बीज का भी स्टॉक फुल है। किसान केंद्र से बीज प्राप्त कर सकते हैं।-जगराम, प्रबंधक, हैफेड, महेंद्रगढ़