शहर में गन प्वाइंट पर हुई लूटों का मामला अभी सुलझा भी नहीं है कि शुक्रवार को दिन दहाडे़ शहर के बीचोंबीच सबसे व्यस्त चौराहे पर पल्सर सवार दो युवक ने स्कार्पियो सवार एक युवक से एक लाख 60 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। सूचना मिलते ही डीएसपी जयबीर सिंह राठी पूरे लावलश्कर के साथ मौके पर पहुंच गए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है।
जानकारी के अनुसार, गांव मितरोल निवासी नरेश पुत्र मोतीलाल शुक्रवार सुबह एक्सिस बैंक से एक लाख 60 हजार रुपये निकाल कर अपने घर के लिए जा रहा था। लेकिन नरेश जब आगरा चौक के पास पहुंचा तो उसकी स्कार्पियो के अगले पहिये से हवा निकल गई और गाड़ी का संतुलन बिगड़ने लगा। नरेश गाड़ी से नीचे उतरकर हवा देखने लगा, इस दौरान नरेश ने रुपयों से भरा थैला कंधे पर टांगा हुआ था। तभी पल्सर से दो युवक आए और आते ही नरेश के कंधे पर लटके थैले को छीन लिया और रुपये से भरे बैग को लूटकर फरार हो गए। पल्सर पर सफेद चाक से केवल अधूरा एचआर 99 नंबर लिखा हुआ था। लूट की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने तुरंत वीटी कर पुलिस को सतर्क कर दिया। लेकिन जब तक पुलिस सतर्क होती तब तक लुटेरे फरार हो गए।
इस संबंध में डीएसपी जयबीर सिंह राठी का कहना है कि लूट की इस वारदात की जांच की जा रही है। लूट की घटना को सुलझाने के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया है। घटना की पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। लूट पुलिस ने जिला में नाकाबंदी कर दी है। लूट के शिकार व्यक्ति को लुटेरों का स्केच भी दिखाया गया है। तलाश के बाद मामला दर्ज कर लिया जाएगा।